अमलाई ईदगाह में अकीदत के साथ अदा हुई ईद की नमाज

अमलाई में ईद की नमाज के बाद गले मिलकर झलका भाईचारा, मोहब्बत और अमन का संदेश
समाज जागरण
अमलाई | अमलाई की सुन्नी हनफिया अब्बासीया मस्जिद परिसर में ईद उल फित्र की नमाज पूरे अकीदत और धार्मिक उत्साह के साथ अदा की गई। पवित्र रमजान माह में एक महीने तक रोज़ा, इबादत, तरावीह और नेकियों में बिताए गए दिनों के बाद जैसे ही ईद की सुबह हुई, पूरे क्षेत्र में खुशी और रौनक का माहौल छा गया। मस्जिद परिसर में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी और करीब 500 से 700 लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर अल्लाह से अमन, खुशहाली और बरकत की दुआ मांगी।

नमाज के बाद का नजारा भाईचारे और अपनत्व से भरा नजर आया, जब लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। हर वर्ग के लोगों ने आपसी भेदभाव भुलाकर प्रेम, एकता और इंसानियत का संदेश दिया। इस दौरान देश में शांति, तरक्की और सौहार्द बना रहे, इसके लिए भी दुआएं की गईं। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला, जो नए कपड़ों में ईद की खुशियां मनाते नजर आए, वहीं बुजुर्गों ने अपने आशीर्वाद और अनुभवों से माहौल को और भी खास बना दिया।

ईद के इस मौके पर मस्जिद के हाफिज और मोअजिन को फूलों की माला पहनाकर उनका सम्मान किया गया और सभी ने उन्हें मुबारकबाद दी। इससे पूरा वातावरण और भी भावुक और खुशनुमा हो गया तथा लोगों ने अपने धर्मगुरुओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

रमजान के महीने में इबादत, कुरान की तिलावत और जरूरतमंदों की मदद के बाद ईद का यह त्योहार खुशियों और शुक्राने का प्रतीक बनकर आया। लोगों ने सादगी और आपसी सौहार्द के साथ इसे मनाते हुए समाज में एकता और भाईचारे का संदेश दिया। मस्जिद के बाहर भी देर तक लोगों का जमावड़ा लगा रहा, जहां मुबारकबाद देने का सिलसिला जारी रहा।

इस अवसर पर अंजुमन के सदर एडवोकेट रब्बानी, पूर्व सदर अलाउद्दीन अंसारी, मुमताज अंसारी, इदरीश, रहीश सिद्दीकी, सिकंदर खान, नईम अंसारी, अंसार अंसारी, सैफ रिज़वी, मुस्ताक अहमद, सरताज अंसारी, , मुर्तुजा अंसारी, सद्दाम अंसारी, सलीम सिद्दीकी, अफसर अली, राशिद अली सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे, जिन्होंने ईद को पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया।

अंत में व्यवस्था को लेकर चचाई पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच नमाज और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिस पर लोगों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)