पीएचसी टेढ़ागाछ में विधायक तौसीफ आलम की मौजूदगी में एमएमडीपी किट वितरण
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
05 जनवरी।
फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन नियंत्रित की जा सकने वाली बीमारी है, जिसे समय पर आत्म-देखभाल और स्वच्छता अपनाकर बढ़ने से रोका जा सकता है। इसी उद्देश्य से सोमवार को पीएचसी टेढ़ागाछ में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बहादुरगंज विधायक तौसीफ आलम की उपस्थिति में फाइलेरिया प्रभावित मरीजों को सहायता प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान 17 फाइलेरिया मरीजों को एमएमडीपी किट वितरित की गई। किट में साबुन, एंटीसेप्टिक क्रीम, तौलिया, टब, मग सहित आत्म-देखभाल से जुड़ी आवश्यक सामग्री शामिल थी। विधायक तौसीफ आलम ने कहा कि फाइलेरिया मरीजों को दवा के साथ-साथ सही मार्गदर्शन और सम्मानजनक देखभाल की आवश्यकता है, जिससे वे सामान्य जीवन जी सकें।
इस अवसर पर 21 दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया। बीएचएम अजय साह ने बताया कि प्रमाण-पत्र मिलने से लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचल अधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी टेढ़ागाछ उपस्थित रहे। सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि आत्म-देखभाल, स्वच्छता और जागरूकता से फाइलेरिया को नियंत्रित किया जा सकता है। वहीं वेक्टर बॉर्न डिजीज कंट्रोल ऑफिसर डॉ. मंजर आलम ने इसे साइलेंट बीमारी बताते हुए नियमित देखभाल पर जोर दिया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने लाभार्थियों को एमएमडीपी किट के सही उपयोग, नियमित सफाई और व्यायाम की जानकारी दी। कार्यक्रम से यह संदेश दिया गया कि जनभागीदारी और आत्म-देखभाल से ही फाइलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



