सेवा-गुणवत्ता, स्वच्छता और प्रबंधन के मानकों पर राष्ट्रीय टीम की सर्वोच्च रेटिंग
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
किशनगंज जिले के स्वास्थ्य तंत्र के लिए आज का दिन गर्व और उपलब्धि का रहा। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर लगातार की जा रही कोशिशों को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी स्वीकृति मिली है। गाछपारा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को राष्ट्रीय गुणवत्ता मूल्यांकन टीम द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ 90.16 अंक प्राप्त हुए हैं। यह रेटिंग साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्र का यह केंद्र भी राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर पूरी मजबूती से खरा उतर रहा है।डीक्यूएसी सुमन सिन्हा ने बताया कि राष्ट्रीय टीम के द्वारा केंद्र का व्यापक निरीक्षण किया गया था, जिसमें साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुविधा, औषधि उपलब्धता, लैब सेवाएँ, रिकॉर्ड रखरखाव, मानव संसाधन की दक्षता और परिसर प्रबंधन जैसे सभी महत्वपूर्ण मानकों की विस्तृत समीक्षा की गई थी । जो कि केंद्र के व्यवस्थित संचालन, गंभीरता और टीम भावना ने मूल्यांकन दल को प्रभावित किया।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि गाछपारा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट अंक प्राप्त करना जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए मील का पत्थर है।उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक प्रमाणन नहीं, बल्कि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में हमारी सामूहिक मेहनत और व्यवस्था-सुधार का प्रमाण है। यह सफलता अन्य केंद्रों को भी इसी दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करेगी।
गुणवत्ता निगरानी और प्रशिक्षण का प्रत्यक्ष परिणाम
डीक्यूएसी सुमन सिन्हा ने बताया कि केंद्र ने पिछले महीनों में जिस संगठित तरीके से प्रक्रियाओं में सुधार किए, उसने इसे राष्ट्रीय मानकों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उन्होंने कहा कि दस्तावेज़ व्यवस्था, मरीज-संतुष्टि, संक्रमण नियंत्रण और सेवाओं के मानकीकरण पर केंद्र की टीम ने अत्यंत जिम्मेदारी से कार्य किया है। यह सफलता साबित करती है कि यदि टीम समर्पण के साथ काम करे तो कोई भी स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय स्तर तक पहुँच सकता है।
गाछपारा की सफलता—ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नई दिशा
जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ मुनजिम ने कहा कि ग्रामीण आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए यह उपलब्धि एक बड़ा संदेश देती है। गाछपारा केंद्र की टीम—एएनएम, आशा, लैब कर्मी, फार्मासिस्ट, सफाईकर्मी तथा अन्य स्टाफ—ने सेवा और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाकर मेहनत की, जिसका प्रतिफल राष्ट्रीय स्तर पर मिला है।यह उपलब्धि केवल एक प्रमाणन नहीं, बल्कि किशनगंज जिले की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की विश्वसनीयता और मानकों की मजबूती का प्रमाण है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



