पटना पुलिस ने किया चार शराब तस्करों को गिरफ्तार

पांच लाख की विदेशी शराब सहित 17.61 लाख रुपये जप्त

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी में पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर पटना पुलिस की टीम बैंक कॉलोनी स्थित एक मकान पर पहुंची। पुलिस को संदेह था कि इस मकान में अवैध शराब का स्टॉक रखा जा रहा है। जब पुलिस ने दरवाजा खटखटाया और तलाशी शुरू की, तो घर के कमरों से विदेशी शराब की बड़ी मात्रा में बोतलें बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार जब्त की गई शराब का मूल्य करीब 5 लाख रुपये है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। यह सभी लोग उसी मकान को किराए पर लेकर वहां रह रहे थे। पुलिस को इनसे 17.61 लाख रुपये नकद भी मिले हैं, जो संभवतः शराब की बिक्री से इकट्ठा किए गए थे। यह राशि इस बात का संकेत है कि तस्करी का यह कारोबार लंबे समय से व्यवस्थित तरीके से चल रहा था। गिरफ्तार तस्करों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। जिस मकान में तस्कर रह रहे थे, वह एक स्थानीय पत्रकार का बताया जा रहा है। हालांकि पत्रकार स्वयं यहां नहीं रहते थे, बल्कि मकान को किराए पर दिया गया था। तस्करों ने इस मकान को रिहायशी इलाके में इसलिए चुना ताकि किसी को संदेह न हो। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मकान मालिक को इस अवैध गतिविधि की जानकारी थी या नहीं। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तस्करों ने कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों से वे इस जगह पर शराब का स्टॉक जमा कर रहे थे। शराब मध्यप्रदेश से ट्रेन के जरिए लाई जाती थी। दानापुर स्टेशन पर शराब उतारी जाती थी और वहां से ऑटो तथा ई-रिक्शा के माध्यम से बैंक कॉलोनी और विग्रहपुर स्थित दूसरे ठिकाने पर पहुंचाई जाती थी। तस्करों ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि छठ और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों में भी उन्होंने भारी मात्रा में शराब की सप्लाई की थी। नए साल के जश्न को देखते हुए वे भारी मात्रा में स्टॉक तैयार कर रहे थे, ताकि बढ़ी हुई मांग का फायदा उठाया जा सके। पुलिस का मानना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो नए साल के दौरान बड़े पैमाने पर अवैध शराब की बिक्री होती। गिरफ्तार तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की तैयारी में है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शराब की सप्लाई किन-किन जिलों में की जाती थी और किन लोगों को इसमें शामिल किया गया था। साथ ही दानापुर रेलवे स्टेशन पर शराब उतारने की प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इसे रोका जा सके।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)