समाज जागरण दीपक सरकार
मदनपुर निवासी नन्दू प्रसाद के दोनों बेटे बनेंगे डॉक्टर
छतरपुर: कड़ी लगन और समर्पण से कोई भी उपलब्धि हासिल की जा सकती है ये कर दिखाया है छतरपुर नगर पँचायत के मदनपुर निवासी नन्दू प्रसाद के दोनों बेटों ने जो डॉक्टर बनेंगे। नन्दू प्रसाद किसान हैं। हाल ही में प्रकाशित नीट के रिजल्ट में गौरव प्रसाद गुप्ता ने सफलता हासिल की है उन्हें ऑल इंडिया 16792 रैंक मिला है वहीं कटेगरी रैंक 7432 है। वहीं नन्दू प्रसाद जी के दूसरे बेटे नितेश कुमार भी फिलहाल एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर एमएमसीएच पलामू से इंटर्नशिप कर रहे हैं। गौरव के नीट क्वालीफाई करने की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता अरविन्द गुप्ता चुनमून ने गौरव से मुलाक़ात कर उन्हें अंगवस्त्र, डायरी और पेन देकर उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गौरव की मां गृहणी हैं वहीं इस मौके पर उपस्थित गौरव के पिता नन्दू प्रसाद ने बताया कि उन्होंने बड़े ही संघर्षों के साथ अपने दोनों बेटों की परवरिश की है और मुझे इस बात की खुशी है कि उनके दोनों बेटे डॉक्टर बन कर उनका और इलाके का मान बढ़ाएंगे। गौरव ने कहा कि उनकी इच्छा एमजीएम जमशेदपुर से एमबीबीएस करने की है, बताया कि नीट की परीक्षा पास करने के लिए उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई कर यह उपलब्धि हासिल की है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद ने कहा कि इलाके के लिए गर्व की बात है कि एक ही परिवार के दो सगे भाई डॉक्टर बनेंगे। उन्होंने कहा कि इलाके के युवाओं को इनसे प्रेरणा लेकर हौसले के साथ पढ़ाई करनी चाहिए कठिन परिश्रम और लगन से की गई पढ़ाई कभी बेकार नहीं जाती है और नन्दू प्रसाद जी के दोनों बेटे इसके ज्वलंत उदाहरण हैं। अरविन्द ने कहा कि आज भी छतरपुर के इलाके में अशिक्षा कायम है, सही रास्ता नहीं मिलने से युवा रास्ता भटक रहे हैं , शिक्षा को ही माध्यम बनाया कर इलाके की तस्वीर बदली जा सकती है।
इस मौके पर हाल ही में सरकारी शिक्षक बनने जा रहे मदनपुर मध्य विद्यालय के पारा शिक्षक नरेश पासवान जी भी मौजूद थे, उन्होंने भी इस उपलब्धि के लिए गौरव की सराहना की।



