गौतमबुद्धनगर | 06 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के गौ सेवा आयोग के माननीय सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने गुरुवार को जनपद गौतमबुद्धनगर स्थित विभिन्न गौशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौवंशों की देखभाल, व्यवस्थाओं और गौशालाओं में किए जा रहे नवाचारों का जायजा लिया तथा समुचित व्यवस्थाएं पाए जाने पर संतोष व्यक्त किया।
सबसे पहले मा. सदस्य ने नोएडा सेक्टर-94 स्थित श्री जी गौसदन, जो कि गौ सेवा आयोग में पंजीकृत है, का निरीक्षण किया। यहां गौशाला में उच्च गुणवत्ता की व्यवस्थाएं, गौ उत्पाद निर्माण, प्रयोगशाला संचालन सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को देखकर उन्होंने गौशाला संचालकों के प्रयासों की सराहना की।
इसके उपरांत मा. रमाकांत उपाध्याय ने ग्रेटर नोएडा के ग्राम जलपुरा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा संचालित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए गौवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी गौवंशों को पोषण युक्त आहार उपलब्ध कराने, ठंड से बचाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तत्काल सुधारने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
सदस्य ने कहा कि गौसेवा और गौवंश संरक्षण उत्तर प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान रमाकांत उपाध्याय ने गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए गोबर से पेंट, अगरबत्ती, दीपक एवं अन्य उपयोगी उत्पादों के निर्माण का कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे जहां गौशालाओं की आय में वृद्धि होगी, वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं एवं युवाओं को प्रशिक्षण देकर इस पहल से जोड़ा जाए, जिससे स्वावलंबन और जनभागीदारी को बढ़ावा मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सौजन्य: सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर
GauSevaAayog, #Gaushala, #GautamBuddhNagar, #NoidaNews, #GreaterNoida, #CowProtection, #UPGovernment, #RamakantUpadhyay
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



