google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सलारपुर में 5.77 करोड़ रुपये से बनेगा बारातघर, विधायक पंकज सिंह ने किया शिलान्यास

प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश—कार्यालयों में बैठकर नहीं, जनता के बीच पहुंचकर लें विकास संबंधी निर्णय

नोएडा। नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने ग्राम सलारपुर में 5 करोड़ 76 लाख 91 हजार रुपये की लागत से बनने वाले बारातघर का शिलान्यास किया। इस परियोजना से गांव के लोगों को सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए सामुदायिक स्थल की सुविधा मिलेगी। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, बारातघर का निर्माण अप्रैल 2028 तक पूरा कर ग्रामवासियों को सौंपने का लक्ष्य है।

शिलान्यास के अवसर पर विधायक पंकज सिंह ने ग्रामवासियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित एवं उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों में बैठकर विकास संबंधी निर्णय न लें, बल्कि शहर और गांवों में नियमित भ्रमण कर जनता के बीच पहुंचें और लोगों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य कराएं।

वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद

ग्राम सलारपुर के निवासी लंबे समय से सामुदायिक केंद्र की मांग कर रहे थे। बारातघर के निर्माण से गांव में विवाह समारोहों सहित अन्य सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित करने में सुविधा होगी। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और जनता की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

भाजपा सरकार में विकास कार्यों को मिली गति : पंकज सिंह

विधायक पंकज सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों में काफी प्रगति हुई है। सरकार जनहित और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा इसी दिशा में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सुशासन, विकास और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता प्रदेश को नई दिशा प्रदान कर रही है।

राष्ट्रीय हित और एकता सर्वोपरि

अपने संबोधन में पंकज सिंह ने राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी राजनीतिक विचारधारा और पार्टी का झंडा उठाने का अधिकार है, लेकिन जब देश के सम्मान और राष्ट्रीय हित की बात आती है तो सभी को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर तिरंगे के नीचे एकजुट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का सम्मान सर्वोपरि है और देशहित में नागरिकों की एकजुटता ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।

अप्रैल 2028 तक पूरा होगा निर्माण

नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा ने बताया कि लगभग 576.91 लाख रुपये की लागत से बारातघर का निर्माण कराया जाएगा। प्राधिकरण का लक्ष्य अप्रैल 2028 तक निर्माण कार्य पूरा कर इसे ग्रामवासियों को सौंपना है।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्रबंधक डोरेलाल वर्मा और प्रबंधक उमेश त्यागी सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पंडित भागमल शर्मा, अमित त्यागी, रूपचंद मुनीम, अशोक भाटी, सुखवीर प्रधान, चंदगीराम यादव, महेश अवाना, जयराज भाटी, सहदेव त्यागी, करतार चौहान, विपुल शर्मा, रिक्की प्रधान, मुक्तानन्द प्रधान, डॉ. बाली, चरण सिंह भाटी, बबलू यादव, निरंजन प्रधान, पंकज झा, रघुवर फौजी, जोगिंदर भड़ाना, मनोज त्यागी, किरण पाल, निरंजन चौधरी, वीरेंद्र सिंह, धीरज प्रधान, सुंदर चंदेल, मदन, योगेश, धर्मेंद्र सिंह, सिंहराज गुर्जर, प्रवीण, आनंद प्रधान, अंकित भाटी, जितेंद्र, राहुल शर्मा, प्रमोद, रवि यादव, श्रीपाल कसाना, प्रमोद बैसोया, मांगेराम, किशन बेनीवाल, सुनील यादव और गोपाल पांडे सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)