google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

5वीं जिला योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 भव्य रूप से सम्पन्न

“केवल मुस्कुराने से आप तनाव मुक्त, युवा एवं सुंदर बने रहते हैं” – योगी प्रवीण आर्य

गाजियाबाद। डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन गाजियाबाद द्वारा आयोजित 5वीं जिला योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन रविवार को आई.टी.एस कॉलेज, मोहन नगर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं योग खिलाड़ियों की आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में आई.टी.एस कॉलेज के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा तथा केंद्रीय आर्य युवक परिषद उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष योगी प्रवीण आर्य उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए योग एवं योगासन खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।

योगी प्रवीण आर्य ने कहा कि आज पूरी दुनिया में योग का डंका बज रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि जो कुछ उन्होंने योग विशेषज्ञों से सीखा है, उसे अपने जीवन में अपनाएं और परिवार के अन्य सदस्यों को भी योग से जोड़ें, ताकि सभी स्वस्थ और निरोगी रह सकें। उन्होंने मुस्कुराने के लाभों पर चर्चा करते हुए कहा कि “केवल मुस्कुराने से व्यक्ति तनाव मुक्त, युवा और सुंदर बना रहता है।” इस दौरान उन्होंने योग गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन गाजियाबाद के सचिव सर्वेश उपाध्याय ने खिलाड़ियों की प्रतिभा, संतुलन, लचीलापन और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि योगासन केवल एक खेल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने युवाओं को योग से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

विशिष्ट अतिथि एवं इंडस वैली ग्रुप ऑफ स्कूल्स के कॉर्पोरेट हेड सचिन राठी ने आयोजन समिति और प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों एवं युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का विकास करती हैं तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रशिक्षकों, निर्णायकों, आई.टी.एस कॉलेज प्रबंधन, अभिभावकों एवं सहयोगकर्ताओं का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर एसोसिएशन के संयुक्त सचिव सौरभ गुप्ता, कोषाध्यक्ष धर्मप्रकाश, प्रतियोगिता निदेशक सुरेंद्र चौहान, प्रिंसिपल डॉ. प्रमोद सक्सेना, अरुण आर्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Ghaziabad #Yoga #Yogasana #YogaChampionship #SportsNews #योग #गाजियाबाद #योगासन #YogaIndia #समाजजागरण


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)