“पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचना ही सुशासन की असली पहचान : पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल”

दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )

बहल, 25 दिसंबर। प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा पात्र लोगों को पारदर्शिता के साथ अंतोदय की भावना से योजनाओं का लाभ देना ही सुशासन है।सुशासन दिवस पर अधिकारी व कर्मचारी अपने कार्य के प्रति ईमानदारी एवं समर्पण भाव की शपथ लें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तरक्की कर विकसित देश की और अग्रसर है। विश्व में भारत ने अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि लोहारू विधानसभा क्षेत्र को उनका पूरा हक मिलेगा। उन्होंने कहा कि सभी आपस में मिलजुल कर समाज में भाईचारा बनाए रखें और अपनी संतान को अच्छी शिक्षा दिलाएं ताकि जीवन में कामयाब हो सके।

अधिकारी भी जन समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका निदान करें ताकि आमजन को कोई दिक्कत का सामना न करना पड़े। पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल वीरवार को गांव चैहड़ खुर्द के व्यायामशाला में सुशासन दिवस पर आयोजित प्रशासन गांव की ओर तथा सुशासन दिवस कार्यक्रम में अपना संदेश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि आज लाभपात्रों के खातों में सीधे रूप से पैसे भेजे जा रहे हैं और कोई बिचौलिया नही है, जबकि पहले लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। उन्होंने कहा कि वास्तव में लोकतंत्र वही है, जब पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने 25 दिसंबर 2014 को गुड गवर्नेस डे अर्थात सुशासन दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। लगातार 11 वर्षों से इस दिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी नीतियों की दूसरे प्रदेश भी अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने पोखरण में परमाणु परीक्षण करके भारत को विश्व में मजबूत किया। उन्होंने कारगिल युद्ध में शहीदों को अनुग्रह राशि प्रदान करने के साथ-साथ उनके पैतृक गांवों में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करवाकर शहीदों को सम्मान देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के फलस्वरूप केंद्र व हरियाणा में तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी है। सरकार निरंतरता से विकास कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं तथा स्थानीय निकायों में महिलाओं और पिछड़ी जातियों को आरक्षण दिया गया है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने व उनके स्वावलंबन के लिए प्रयासरत है, इसके लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बाजार सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पंडित मदन मोहन मालवीय और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के सपने को सुशासन दिवस के रूप में साकार कर रही है। सरकार की नीतियों से आज हर वर्ग खुश है। उन्होंने कहा कि सरकार ने आमजन की शिकायतों के समाधान के लिए सीएम विंडो जैसी सुविधा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने घर पर योजनाओं का लाभ देकर लोगों को जीवन सरल व आसान किया है। उन्होंने कहा कि आमजन के साथ-साथ विशेषकर किसानों को लेकर सुशासन की बात की जाए तो सरकार ने किसानों की खुशहाली के लिए अनेक नीतियां बनाई हैं। पूर्व कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा उनके घर द्वार पर जमीन की फर्द, सभी प्रकार की सामाजिक पेंशन, स्वामित्व योजना आदि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को आनलाइन कर पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ सीधे उनके खातों में डाला गया है। किसानों के लिए भी फसल बेचने, फसल बीमा करवाने, फसल खराब होने पर उनकी खराबा राशि सीधे उनके खातों में डाला जा रहा है।

पूरी जानकारी के लिए क्लिक करें

पोर्टल के तहत ग्राम सचिवालयों में संचालित अटल सेवा केंद्रों के माध्यम से सभी सेवाएं आनलाईन कर दी गई है। व्यक्तियों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते है, यह सब सुशासन व्यवस्था ही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कई विभागों की कार्यप्रणाली ऑनलाइन हो गई, जिससे लोगों को दफ्तर, दस्तावेज व दरख्वास्त से निजात मिली है। वर्तमान में कई विभागों की कार्यप्रणाली ऑनलाइन हो गई, जिससे लोगों को दफ्तर, दस्तावेज व दरख्वास्त से निजात मिली है और प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। हरियाणा सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सुशासन की परिकल्पना को सही मायने में चरितार्थ किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकसित भारत के चार स्तम्भ युवा, किसान, महिलाएं व गरीबों के काम्या के लिए निरंतरता रही हैं। युवाओं को पारदर्शी मेरिट के आधार पर बिना खर्ची-पर्ची के सरकारी नौकरी देकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने देश के समक्ष एक मिसाल पेश की है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। सरकार द्वारा किसानों की 24 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने का निर्णय लिया गया है।

आज हरियाणा सरकार अपने सुशासन के 11 सफल वर्ष पूर्ण कर रही है। यह केवल एक कालखंड की समाप्ति नहीं है, बल्कि यह उन नीतियों, निर्णयों और संकल्पों की उपलब्धि है, जिनके केंद्र में आम नागरिक रहा है। यह जनता और सरकार के बीच विश्वास, पारदर्शिता और जवाबदेही के उस मजबूत रिश्ते का उत्सव है, जो हरियाणा की पहचान बन चुका है। आज का दिन इसलिए भी विशेष महत्व रखता है क्योंकि आज महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी और भारत रत्न, श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती है। इनको मैं उन्हें नमन करता हूँ। ये दोनों विभूतियां केवल व्यक्ति नहीं थीं, बल्कि विचारधाराएं थीं। ऐसी विचारधाराएं जिन्होंने राष्ट्र निर्माण की नींव को मजबूत किया। वर्ष 2014 से 25 दिसंबर के दिन को गुड गवर्नेंस डे के रूप में मनाया जा रहा है, ताकि शासन को अधिक जनोन्मुखी, संवेदनशील और उत्तरदायी बनाया जा सके।

यह दिन हमें यह स्मरण कराता है कि शासन का वास्तविक अर्थ तभी है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। महामना मालवीय जी ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम माना। उन्होंने चरित्र, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति को जीवन मूल्य बनाया। वहीं श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने राजनीति को सेवा, संवेदना और सुशासन का माध्यम बनाया। उनके नेतृत्व में भारत ने आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना सीखा-चाहे वह पोखरण की दृढ़ता हो या गांव-गांव तक सड़क पहुंचाने की दूरदर्शिता।


सुशासन का मूल मंत्र है—पारदर्शिता, जवाबदेही और जन-सहभागिता। हरियाणा सरकार ने सुशासन के सभी मूल सिद्धांतों को व्यवहार में उतारा है। ई-गवर्नेंस, परिवार पहचान पत्र, सीएम विंडो, ई-आफिस, ई-रजिस्ट्री और ई-स्टम्पिंग जैसी पहलों ने व्यवस्था को सरल, निष्पक्ष और भरोसेमंद बनाया है। आज बिना पर्ची-खर्ची, बिना भेदभाव, योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है—यही सुशासन की सच्ची पहचान है।


सरकार की योजनाएं-सक्षम युवा योजना, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। प्रदेशभर में स्थापित अटल सेवा केंद्र और अंत्योदय सरल केंद्र यह प्रमाण हैं कि सरकार सेवाओं को जनता के द्वार तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।


प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनके घर द्वार पर परियोजनाओं का लाभ देना है: एसडीएम मनोज दलाल

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार 19 से 25 दिसंबर तक चलने वाले सुशासन सप्ताह के तहत गांव चैहड़ खुर्द के व्यायामशाला परिसर में वीरवार को उपमंडल प्रशासन की ओर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम मनोज दलाल ने लोगों की बिजली, पानी,पीपीपी में आय कम करने, पेंशन, राशन कार्ड आदि से संबंधित समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को निदान के निर्देश दिए।इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एसडीएम मनोज दलाल ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी।


कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग और कल्याण विभाग आदि जनता से सीधे जुड़े विभागों द्वारा स्टाल लगाई गई। इस दौरान एसडीएम मनोज दलाल ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सरकार द्वारा लोगों के जीवन उत्थान के लिए चलाई जा रही अनेक कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घर द्वार पर जाकर योजना का लाभ देना है। कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन, पशुपालन के साथ-साथ महिलाओं के स्वरोजगार के लिए भी संबंधी योजनाएं हैं। जरूरतमंद लोगों को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पारदर्शिता के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

लोग घर बैठे योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस दौरान बीडीपीओ अमित कुमार, जयसिंह वर्मा, एसडीओ नारायण, कृष्ण कुमार यादव, अतुल दुल, डा.राहुल, सज्जन कुमार, जयवीर गिल, रविंद्र मंडोली, कर्मवीर चैहड़, मंडल अध्यक्ष सुनील सिरसी, जिला उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, सरपंच संदीप श्योराण, वीरेंद्र लाम्बा,रामचंद्र टांडी, एडवोकेट गौरव, ओमप्रकाश, जगराम, सतबीर पूनिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी और अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)