पीएम मोदी और अमित शाह के आने की संभावना
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता : वेद प्रकाश
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के गठन के 22 दिन बाद आगामी 7 मई को राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मंत्रिमंडल विस्तार का भव्य समारोह आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
गांधी मैदान के इतिहास में संभवतः यह पहली बार होगा जब केवल मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के लिए इतने बड़े स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के अनुसार, समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।
विधानसभा चुनाव में मिली सफलता के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) इस आयोजन को बड़े शक्ति प्रदर्शन और राजनीतिक संदेश के रूप में देख रहा है। सूत्रों के मुताबिक नए मंत्रिमंडल में कई नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। इसमें जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की रणनीति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
चर्चा है कि भाजपा और जदयू के बीच मंत्रियों की संख्या लगभग समान रखी जाएगी ताकि गठबंधन में संतुलन बना रहे। संगठन में सक्रिय और प्रभावशाली नेताओं को भी इस बार सरकार में शामिल होने का अवसर मिल सकता है।
विशिष्ट अतिथियों की लंबी सूची को देखते हुए जिला प्रशासन ने गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और मीडिया कवरेज के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मंत्रिमंडल विस्तार न केवल सरकार की आगामी प्राथमिकताओं को तय करेगा, बल्कि बिहार की भविष्य की राजनीति की दिशा भी स्पष्ट करेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



