
दैनिक समाज जागरण विवेक देशमुख
बिलासपुर। हसदेव के जंगलों में कोयला खदानों के लिए पेड़ों की कटाई का विरोध करने के लिए आज शाम पांच बजे गोल बाजार से नेहरू चौक तरफ और गोल बाजार से गांधी चौक तरफ बिलासपुर शहर के नागरिक मानव श्रृंखला बनाकर शासन को वृक्षों की कटाई का आदेश वापस लेने हेतु संदेश देंगे।
आज 11मई को देश के साथ साथ विदेशों में भी अनेक स्थानों पर हसदेव के जंगलों की कटाई के विरोध में प्रदर्शन होंगे।
बिलासपुर शहर के सभी व्यापारी, छात्र समूह, अन्य सभी नागरिक इस मुद्दे पर आंदोलित हो उठे हैं और वे अभी की गर्मी, बदलते मौसम और भविष्य में होने वाले पानी के आसन्न संकट से भयभीत हैं और अब जंगल पर्यावरण का बिल्कुल विनाश नहीं देखना चाहते। हसदेव के घने जंगलों से ही हमारे प्रदेश में वर्षा होती है और नदियों में पानी आता है, हसदेव के जंगलों से वर्षा का पानी जमीन के भीतर जाता है वही भूगर्भ जल को हम यहां बोरिंग से निकालकर खेतों में सिंचाई करते हैं और पूरा बिलासपुर शहर पानी पीता है।
हसदेव के जंगलों को काटकर खदानें खुदेंगी तो आने वाले सालों में हमारे बिलासपुर और आसपास की जमीन के नीचे का पानी और नदियां सूख जाएंगी।
हसदेव क्षेत्र के आदिवासी पिछले दस साल से इसकी लड़ाई लड़ रहे हैं।
अमृत मिशन योजना सैकड़ों करोड़ की पूरे शहर के लाखों लोगों को सौ साल पानी पिलाने की, इसमें पानी खूटाघाट से आएगा और वहां सिर्फ तीन महीने के लिए पानी रहता है शहर भर की क्षमता का बाकी नौ महीनों के लिए अहिरन नदी से नहर बनाकर पानी लाया जाएगा और अहीरिन नदी निकलती है हसदेव के जंगलों से जब जंगल ही कट जाएंगे तो नदी में पानी कहां से आएगा।
शहर और आसपास के गांवों में बोरिंग में पानी आता है वो भी इन्हीं जंगलों में गिरने वाला पानी है जो जंगलों के कारण ही जमीन में समाता है और भूगर्भ जल में तब्दील होता है और अंदर चट्टानों के क्रेक्स से होता हुआ सैकड़ों किलोमीटर तक फैलता है, वही पानी हमारे घर की बोरिंग में, कुदुदंड की पानी टंकी की बोरिंग में, हमारे शहर की फैक्ट्रियों की बोरिंग में आता है।
ये जंगल कट गए तो हसदेव नदी पर बना बांगो डैम सूख जाएगा, उससे बिजली बनना बंद हो जाएगा और लाखों हेक्टेयर खेतों में सिंचाई बंद हो जाएगी।
अतः आज शाम पांच बजे नेहरू चौक और गांधी चौक के बीच बनने वाली मानव श्रृंखला में शामिल होने के लिए नागरिकों के एक समूह ने व्यापारियों और शहर की जनता से अपील की है। इस समूह में प्रकाश सोन्थलिया, श्रेयांश बुधिया, राजीव अग्रवाल, सुनील गुप्ता, नवदीप सिंह अरोरा, साकेत तिवारी, सतराम जेठमलानी, राजेश खरे, नितीश अग्रवाल, अविनाश आहूजा, डाक्टर रश्मि बुधिया, किरणपाल सिंह चावला इत्यादि शामिल हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



