google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

हिंदू सम्मेलन संपन्न, समाज में समरसता व संगठन पर दिया गया जोर

समाज जागरण संवाददाता
कुलदीप सिंह
लखीमपुर खीरी।

शहर के एक मैरिज लॉन में रविवार को हिंदू समाज का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य संजय मिश्रा ने किया, जबकि अध्यक्षता संत आचार्य रमाकांत शुक्ला ने की। सम्मेलन में लखनऊ से आए विश्व हिंदू परिषद के समरसता प्रमुख धर्मेंद्र कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि धर्मेंद्र कुशवाहा ने समाज में समरसता पर जोर देते हुए कहा कि हिंदू समाज में कोई भी व्यक्ति अछूत नहीं है। भगवान राम ने सभी का सम्मान किया है और हमें भी उसी मार्ग पर चलना चाहिए। विशिष्ट अतिथि डॉ. ओंकार ने कहा कि आज कुछ नेता हिंदू समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज के संगठित रहने से ही देश सुरक्षित रहेगा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सह विभाग प्रचारक अविनाश ने समाज को संगठित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूरे हो रहे हैं, ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर भी बल देते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने, जल संरक्षण करने और तालाबों से अतिक्रमण हटाने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन पर आचार्य संजय मिश्रा ने कहा कि अब डरने की आवश्यकता नहीं है, समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए। सम्मेलन के दौरान हनुमान चालीसा पाठ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ और भारत माता की आरती के साथ समापन किया गया।

इस अवसर पर हरिकृष्ण शास्त्री, राधारमण मिश्रा, दीनानाथ झा, वीरेश वर्मा, सूर्य मणि मिश्रा, मोहिनी, अत्री, गोपाल अग्निहोत्री, आलोक शुक्ल, कमलेश वर्मा, बीरेंद्र शुक्ला, शैलेंद्र, अभिषेक, ऋषभ मिश्रा, योगेंद्र, विधायक योगेश वर्मा, राजकिशोर वर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)