150 से अधिक उद्योगपति और उद्यमी हुए शामिल, औद्योगिक विकास, आधारभूत सुविधाओं और उद्योग-सरकार समन्वय पर हुआ मंथन
नोएडा। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के नोएडा चैप्टर द्वारा चेयरमैन नवीन गुप्ता के नेतृत्व में शनिवार को सेक्टर-27 स्थित फॉर्च्यून होटल में जनरल बिज़नेस मीट एवं मंथन बैठक का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने शिरकत कर उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक पंकज सिंह, IIA नोएडा चैप्टर के चेयरमैन नवीन गुप्ता तथा संगठन की कार्यकारिणी टीम द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद चेयरमैन नवीन गुप्ता ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
बैठक में ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली एवं हापुड़ चैप्टर के चेयरमैन, डिवीजनल चेयरमैन, सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में उद्योगपति एवं उद्यमी मौजूद रहे।
उद्योगों की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
मुख्य अतिथि विधायक पंकज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों के विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों, क्षेत्रीय विकास कार्यों और औद्योगिक आधारभूत संरचना पर विस्तार से चर्चा करते हुए उद्यमियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने उद्योग और सरकार के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया।
औद्योगिक विकास और व्यापारिक चुनौतियों पर हुआ मंथन
बैठक के दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक विकास, आधारभूत सुविधाओं, सरकारी विभागों से जुड़ी समस्याओं तथा व्यापारिक चुनौतियों पर अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए। विभिन्न चैप्टरों के पदाधिकारियों ने भी आपसी समन्वय को और मजबूत बनाने तथा उद्योगों के हित में संयुक्त प्रयास करने पर जोर दिया।
150 से अधिक उद्यमियों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में 150 से अधिक उद्योगपतियों, उद्यमियों एवं व्यवसाय मालिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह बैठक उद्योग जगत के लिए विचार-विमर्श, ज्ञान-विनिमय, नेटवर्किंग और नए व्यावसायिक अवसरों के सृजन का प्रभावी मंच साबित हुई।
चेयरमैन नवीन गुप्ता ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर IIA नोएडा चैप्टर के चेयरमैन नवीन गुप्ता ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, सरकारी अधिकारियों एवं सभी उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि IIA भविष्य में भी उद्योगों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से ऐसे सार्थक एवं उपयोगी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



