google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

गिझोड़ में ₹8.55 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, विधायक पंकज सिंह ने सुनीं जनसमस्याएं

सोसाइटी, स्कूल व औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से किया संवाद, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

नोएडा। नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने शनिवार को ग्राम गिझोड़ में लगभग 8 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न आवासीय सोसाइटियों, स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन तथा आईआईए (IIA) नोएडा चैप्टर के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी मुद्दों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संवाद कार्यक्रम में सेक्टर-77 एओए, आम्रपाली हार्ट बीट सोसाइटी सेक्टर-107, स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन तथा आईआईए नोएडा चैप्टर सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र से जुड़े विकास, आधारभूत सुविधाओं और जनहित के मुद्दे विधायक के समक्ष रखे। विधायक पंकज सिंह ने प्रत्येक विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए भरोसा दिलाया कि जनता की सुविधा और विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस दौरान विधायक पंकज सिंह ने कहा कि वह नोएडा में केवल एक विधायक के रूप में नहीं, बल्कि “नोएडा के बेटे” के रूप में जनता के बीच रहते हैं। उन्होंने कहा कि यहां के हर बुजुर्ग का आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है और वे स्वयं को उनका बेटा मानते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्य की तरह क्षेत्रवासियों की समस्याएं उनकी अपनी समस्याएं हैं और उनका प्रयास हमेशा हर नागरिक की बात सुनकर उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना रहेगा।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी तथा योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास और सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नोएडा के प्रत्येक गांव, सेक्टर, सोसाइटी और प्रत्येक नागरिक तक विकास की रोशनी पहुंचाना ही उनका संकल्प है तथा जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।

शिलान्यास कार्यक्रम के बाद विधायक पंकज सिंह ग्राम सलारपुर पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय केशराम पंडित जी की शोकसभा में श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष महेश चौहान, सुरेश शर्मा प्रधान, बृजपाल चौहान, लच्छे चौहान, सुरेंद्र शर्मा, धनपाल चौहान, रामकिशन यादव, दीनबंधु कुमार, नीरज चौधरी, संजीव गुप्ता, सचिन गोयल, लक्ष्मीकांत पांडेय, विकास सिंह, पुनीत शर्मा (नोफा अध्यक्ष), बसंत शर्मा, हेमंत शर्मा, अभिनव सैनी, अरुण शर्मा, राजीव गुप्ता, सुमित्रा बसु, विष्णु अग्रवाल, देवांश सिन्हा, देवेंद्र सिंह, दीपक मित्तल, गौरव जैन, बीडीसी गौरी शंकर, कमल चौहान, केदार शर्मा, निकांत शर्मा, विपिन चौहान, अशोक चौहान सहित भाजपा पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)