एआईसीटीई और शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 की वार्षिक रेटिंग की जारी**
**मुरादाबाद।** तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू), मुरादाबाद ने इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) 7.0 की वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा एवं स्टार रेटिंग में चार स्टार हासिल किए हैं। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) और शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल (एमआईसी) की ओर से शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए जारी इस रेटिंग को विश्वविद्यालय में नवाचार, रचनात्मकता, बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) और उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है।
विश्वविद्यालय में अक्टूबर 2018 में स्थापित आईआईसी के माध्यम से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को नए विचार विकसित करने, समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजने, डिजाइन थिंकिंग, प्रोटोटाइप निर्माण और आईपीआर की जानकारी देने पर जोर दिया जाता है। एआईसीटीई की युक्ति और एपीएफ जैसी पहलों के माध्यम से नए विचारों के परीक्षण, विकास और व्यावसायिक उपयोग की दिशा में भी सहायता प्रदान की जाती है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को विचार से प्रोटोटाइप और प्रोटोटाइप से स्टार्टअप तक आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

**विश्वविद्यालय प्रबंधन ने जताई खुशी**
चार स्टार रेटिंग मिलने पर टीएमयू के कुलाधिपति सुरेश जैन ने कहा कि विद्यार्थियों में नए विचार विकसित करने और व्यावहारिक समस्याओं के समाधान खोजने की क्षमता बढ़ाना उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। यह उपलब्धि इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है।
ग्रुप वाइस चेयरमैन मनीष जैन ने कहा कि यह रेटिंग विश्वविद्यालय में नवाचार को प्रोत्साहित करने के प्रयासों का परिणाम है। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत जैन ने नवाचार को वास्तविक समाधानों और स्टार्टअप से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कुलपति प्रो. वीके जैन ने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के मजबूत होते नवाचार तंत्र को दर्शाती है, जिससे शोध और उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलेगा। डीन एकेडमिक्स एवं आईआईसी अध्यक्ष प्रो. मंजुला जैन ने इसे पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
वहीं, आईआईसी-टीएमयू के समन्वयक प्रदीप कुमार वर्मा ने विश्वविद्यालय प्रबंधन, फैकल्टी मेंटर्स, इनोवेशन एंबेसडर्स और विद्यार्थियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आगे नवाचार, आईपीआर और स्टार्टअप गतिविधियों को और प्रभावी बनाना प्राथमिकता रहेगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



