छतरपुर में संपत्ति के लिए बेटे ने पार की हदें, जीवित मां और बहन को इंटरनेट पर दी ‘श्रद्धांजलि’

छतरपुर। बमीठा थाना के घूरा गांव में एक युवक ने पारिवारिक विवाद के बाद इंटरनेट मीडिया पर मां और बहन को मृत लिखकर श्रद्धांजलि दे दी। इतना ही नहीं बेटे ने अपना सिर भी मुंडवा लिया। इस पर मां ने पिता और पुत्र के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की शिकायत पर जांच कर रही है।

चेक बाउंस और संपत्ति बेचने के विवाद से उपजा मामला-:
जानकारी के अनुसार घूरा निवासी वृंदावन शिवहरे को चेक बाउंस के मामले में न्यायालय ने एक माह में 6 लाख रुपए जुर्माना और जुर्माना न भरने पर 27 माह की सजा का आदेश दिया है। इस पर बेटे भरत शिवहरे ने संपत्ति बेचने की बात मां पुष्पा शिवहरे और बहन सोनम शिवहरे से की। बहन शादी के बाद तलाक होने से मां के साथ अलग रहती है, उन्होंने इससे इंकार कर दिया।

नाराज बेटे ने मुंडवाया सिर, मां ने पति और पुत्र पर दर्ज कराई शिकायत-:
इससे नाराज भरत शिवहरे ने सिर मुंडवाकर इंटरनेट मीडिया पर मां और बहन को श्रद्धांजलि दे दी। इस पर मां पुष्पा शिवहरे ने थाने में अपने पति वृंदावन शिवहरे और पुत्र भरत शिवहरे पर मारपीट के आरोप लगाने की शिकायत थाने में दर्ज करवाई है। पुलिस मामले में संबंधित लोगों के बयान लेकर जांच कर रही है।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)