श्री राम मूरत सिंह शैक्षिक एवं धर्मार्थ ट्रस्ट की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन, कन्या पूजन कर लिया आशीर्वाद
समाज जागरण
राजगढ़, मीरजापुर / विकासखंड राजगढ़ के सक्तेशगढ़ क्षेत्र स्थित खम्महवा जमती में नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर श्री राम मूरत सिंह शैक्षिक एवं धर्मार्थ ट्रस्ट, रामपुर सक्तेशगढ़ की ओर से भव्य धार्मिक एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहनाई कंस्ट्रक्शन के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह उर्फ छोटू पटेल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में दो हजार से अधिक महिलाओं को साड़ियां वितरित कर सम्मानित किया गया, जबकि पुरुष श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र के रूप में गमछा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर मां दुर्गा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।नौ कन्याओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद
धार्मिक कार्यक्रम के दौरान नौ कन्याओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। कन्याओं को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। नवरात्र में कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनकी पूजा की जाती है। इसी परंपरा के तहत कन्या पूजन का आयोजन किया गया।
रुचि सिंह ने कहा कि नौ देवियों के स्वरूप में कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा, मैं अपने जीवन में सदैव मां के नौ स्वरूपों का सम्मान करती हूं। मुझे बच्चों में स्वयं मां के दर्शन होते हैं। उन्होंने कन्याओं के सम्मान और सेवा को भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आस्था, सेवा और आपसी सद्भाव की भावना मजबूत होती है।
महिलाओं ने जताया आभार।
साड़ी प्राप्त करने वाली महिलाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजकों को आशीर्वाद दिया। महिलाओं ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए इस तरह के आयोजन सराहनीय हैं। उन्होंने अजय कुमार सिंह उर्फ छोटू पटेल के प्रति आभार जताते हुए इसी तरह समाजसेवा करते रहने की कामना की।
नौ दिनों तक चलता है भंडारा।
सक्तेशगढ़ क्षेत्र में आयोजित होने वाला यह दुर्गा पूजा कार्यक्रम अपनी भव्यता और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के लिए जाना जाता है। आयोजकों की ओर से नौ दिनों तक लगातार भंडारे का आयोजन किया जाता है। पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठान वाराणसी से आए विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और मां दुर्गा के जयकारों के साथ हुआ। इस दौरान शहनाई परिवार से संजय कुमार सिंह, अजय कुमार सिंह, शिबू पटेल, अमरेश चंद्र, पीयूष पटेल, सत्येंद्र पटेल, मनीष सिंह, संतोष पाठक, जन्मेजय सिंह प्रधान प्रशासक, गोलू सिंह सहित क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



