दैनिक समाज जागरण, संवॎददाता
चांडिल: कपाली नगर परिषद सभागार में सोमवार को आयोजित बोर्ड बैठक में नगर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने की। बैठक में नगर परिषद क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या बिजली व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई। विधायक सविता महतो ने कहा कि सभी 21 वार्डों में जितने भी आवश्यकता के अनुसार कल से ही नए बिजली पोल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही जर्जर बिजली तारों को बदलने तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में नए तार बिछाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों को निर्बाध और बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सके। बैठक में बारिश के मौसम में जलजमाव और पेयजल संकट पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान विधायक ने नप क्षेत्र में ब्लीचिंग पावडर छिड़काव करने का भी अधिकारियों को निर्देश दिए।जलभराव वाले इलाकों की पहचान कर स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर सहमति बनी। इसके अलावा नगर की साफ-सफाई, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण से जुड़े कई प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई और उन्हें आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बैठक में कपाली नगर परिषद के अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ चांद भाई, उपाध्यक्ष मोहम्मद शबान उर्फ सिंटू, सभी 21 वार्डों के पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी गोपी कृष्णा, सिटी मैनेजर शकील अनवर मेंहदी तथा झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



