google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, 36 घंटे में पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
किशनगंज जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड तथा घटना के बाद छिपाए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।


पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को बिशनपुर थाना क्षेत्र के निवासी 42 वर्षीय रिजवान आलम अपने घर में मृत पाए गए थे। मृतक के पिता नजीर आलम के फर्दबयान के आधार पर बिशनपुर थाना कांड संख्या 34/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक सूचना में हत्या को चोरी की घटना से जोड़कर पेश करने का प्रयास किया गया था।


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी के बयान बार-बार बदलने और उसके संदिग्ध व्यवहार ने पुलिस का संदेह बढ़ा दिया।


तकनीकी जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी का अपने ही क्षेत्र के 24 वर्षीय युवक अनवर हुसैन से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लगातार संपर्क होने के साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने अनवर हुसैन से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक को रास्ते से हटाने की योजना दोनों ने मिलकर बनाई थी।


आरोपित के अनुसार, घटना की रात मृतक की पत्नी ने उसे फोन कर घर बुलाया। वह लोहे की रॉड लेकर घर पहुंचा और पत्नी के इशारे पर कमरे में सो रहे रिजवान आलम के सिर पर कई वार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को चोरी का रूप देने के उद्देश्य से दोनों ने मोबाइल फोन गायब कर दिए और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।


आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने नदी से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड तथा जमीन में छिपाकर रखे गए मृतक और उसकी पत्नी के दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि घर में चोरी की कहानी पुलिस को गुमराह करने के लिए गढ़ी गई थी।


पुलिस ने मृतक की पत्नी डेजी परवीन (33 वर्ष) और उसके प्रेमी अनवर हुसैन (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)