दैनिक समाज जागरण 06.04.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक एवं झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के पैट्रन ऑफ चीफ सरयू राय ने कहा है कि बास्केटबॉल के क्षेत्र में जमशेदपुर का नाम अब राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना रहा है। उन्होंने इसे शहर और राज्य के लिए गर्व की बात बताते हुए खिलाड़ियों के जज्बे, मेहनत और हुनर की सराहना की।
श्री राय ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे केवल उसकी शारीरिक बनावट नहीं, बल्कि उसका कौशल और समर्पण महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कई बार औसत कद का खिलाड़ी भी अपने हुनर के बल पर लंबे खिलाड़ियों को मात दे देता है। इसलिए खेल में तकनीक और अभ्यास का विशेष महत्व है। उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश दिया कि अगर जज्बा, मेहनत और हुनर एक साथ हो, तो सफलता निश्चित है।
उन्होंने खेलों में अनुशासन की भूमिका पर भी विशेष जोर दिया। उनके अनुसार, अनुशासन ही किसी भी युवक को एक सफल खिलाड़ी बनने की दिशा में आगे बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपने गुरु और कोच के मार्गदर्शन को सर्वोपरि मानना चाहिए, क्योंकि वही उन्हें सही दिशा दिखाते हैं।
गौरतलब है कि 26वीं जूनियर बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन साहिबगंज में 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक किया गया था। इस प्रतियोगिता में झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से भेजी गई लड़कों और लड़कियों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर श्री राय ने विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव एवं अंतरराष्ट्रीय कोच जेपी सिंह की मांग पर श्री राय ने वैकल्पिक व्यवस्था होने तक अपने बारीडीह स्थित कार्यालय के दो कमरों के उपयोग की अनुमति भी प्रदान की। कार्यक्रम में मानगो नगर निगम के ब्रांड अंबेसडर मुख्तार आलम खान, वरिष्ठ बास्केटबॉल खिलाड़ी आसिफ खान सहित कई खेल प्रेमी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



