रंग-बिरंगी रोशनी और मनमोहक झांकियों ने मोहा भक्तों का मन, मध्यरात्रि तक 10 से 12 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
नोएडा, 5 सितंबर। सेक्टर-56 स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व जन्माष्टमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी और झालरों से सजाया गया था। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर में सुबह से ही भक्तों का उत्साह देखने को मिला। मध्यरात्रि में भगवान बालगोपाल का अभिषेक और आरती की गई।
जन्माष्टमी कार्यक्रम की शुरुआत 3 सितंबर से ही हो गई थी। इस दौरान बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए और भजन संध्या का आयोजन हुआ। मध्यरात्रि में लड्डू गोपाल का अभिषेक किया गया। भक्तों के लिए विशेष व्रत प्रसाद की भी व्यवस्था की गई।
4 सितंबर को मुख्य कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से शुरू हुआ। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए 20 निजी सुरक्षा कर्मियों के साथ स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा। मंदिर के अंदर महिला पुलिसकर्मियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था संभाली। मंदिर समिति की ओर से 20 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर के कोने-कोने पर निगरानी की व्यवस्था की गई थी।
बड़ी स्क्रीन पर श्रद्धालुओं ने देखे कार्यक्रम
मंदिर परिसर में एक बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, जिस पर पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम का आनंद लिया। मंदिर के गीता भवन में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी स्वचालित झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें कृष्ण-सुदामा मिलन, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को विराट स्वरूप के दर्शन, कुरुक्षेत्र युद्ध से पूर्व अर्जुन को दिया गया गीता उपदेश, द्रौपदी चीरहरण और भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत को छोटी उंगली पर उठाकर गोकुलवासियों की रक्षा करने की झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
रंगीन शीशों से सजे सुंदर रथ पर भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर परिसर में बर्फ से बनाया गया करीब 11 फुट ऊंचा शिवलिंग भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।
वैष्णो देवी और अमरनाथ गुफा में लगी कतार
मंदिर परिसर में तैयार की गई वैष्णो देवी और अमरनाथ की गुफा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। मध्यरात्रि 12 बजे तक भी यहां भक्तों का पहुंचना जारी रहा। मुख्य मंदिर में बालकृष्ण को झूला झुलाने के लिए भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। मंदिर महिला मंडल ने प्रतिवर्ष की तरह इस व्यवस्था को पूरी कुशलता के साथ संभाला।
भक्तों के लिए शाम 6 बजे से मध्यरात्रि तक व्रत का विशेष प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर समिति के अनुसार, मध्यरात्रि आरती तक करीब 10 से 12 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।
गणमान्य लोगों ने किए बालगोपाल के दर्शन
कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, उत्तर प्रदेश के विधायक पंकज सिंह, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, भाजपा पश्चिम प्रदेश के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यमंत्री नवाब सिंह नागर, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, पंजाबी विकास मंच के चेयरमैन दीपक विज तथा मंदिर समिति के चेयरमैन डॉ. डी.के. मोदी सहित कई गणमान्य लोगों ने भगवान बालगोपाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
डॉ. महेश शर्मा ने मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए की गई कतार और व्यवस्था की सराहना की। मंदिर प्रबंध समिति के आर.एन. गुप्ता, ओ.पी. गोयल, जी.के. बंसल, जे.एम. सेठ, आर.के. भट्ट, ए.के. गुप्ता, हरीश सभरवाल, इंदर पाल खंडपुर, संजीव बांधा सहित अन्य पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
मंदिर महिला मंडल की निर्मल हांडा, मंजु सेठ, मधु भट्ट, वंदना बंसल, मीनू खंडपुर, सीता सभरवाल, सुषम मंधार, दीपा नारंग, अर्चना नारंग सहित अन्य सदस्यों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



