दिल्ली में हुआ नए संस्करण का भव्य ऐलान, अनुभव और नई ऊर्जा के बीच देखने को मिलेगा रणनीति, गठजोड़ और शक्ति प्रदर्शन का रोमांच
नई दिल्ली, 5 सितंबर। लोकप्रिय साहसिक वास्तविकता कार्यक्रम ‘रोडीज़–रिबर्थ’ नए अंदाज और नए मुकाबले के साथ वापसी के लिए तैयार है। दिल्ली में आयोजित विशेष पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम के निर्माताओं ने इस संस्करण के नए स्वरूप की जानकारी दी। इस बार कार्यक्रम के इतिहास में पहली बार छह गैंग लीडर एक साथ नजर आएंगे और मुकाबला पुराने अनुभवी चेहरों तथा नई पीढ़ी के गैंग लीडरों के बीच होगा।
इस विशेष अवसर पर ओजी रोडी रन्नविजय सिंघा के साथ सभी गैंग लीडर मौजूद रहे। कार्यक्रम के नए प्रारूप को लेकर दिल्ली में मौजूद संभावित प्रतिभागियों के बीच भी खासा उत्साह देखने को मिला।
इस बार मुकाबले को दो हिस्सों में बांटा गया है। एक ओर निखिल चिनापा, नेहा धूपिया और प्रिंस नरूला जैसे अनुभवी गैंग लीडर होंगे, जबकि दूसरी ओर अभिषेक मल्हान, बानी जे और बेसर अली नई ऊर्जा और अलग रणनीति के साथ मैदान में उतरेंगे। इस तरह पहली बार पुराने और नए गैंग लीडरों के बीच सीधी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम के नए प्रारूप में केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि प्रतिभागियों की रणनीति, धैर्य, निर्णय लेने की क्षमता और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में टिके रहने का जज्बा भी परखा जाएगा। अलग-अलग सोच और खेल की रणनीति वाले छह गैंग लीडरों की मौजूदगी से मुकाबला और अधिक कठिन एवं अप्रत्याशित होने की उम्मीद है।
रन्नविजय सिंघा, निखिल चिनापा, नेहा धूपिया, प्रिंस नरूला, अभिषेक मल्हान, बानी जे और बेसर अली ने पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान कार्यक्रम के नए स्वरूप को लेकर अपनी बातें साझा कीं। इस दौरान कार्यक्रम के नए प्रारूप और ओजी बनाम न्यूजी की अवधारणा को लेकर मीडिया में भी काफी उत्सुकता दिखाई दी।
‘रोडीज़–रिबर्थ’ में इस बार गठजोड़, रणनीति और बदलते समीकरण मुकाबले को नया रूप देंगे। प्रतिभागियों के सामने लगातार कठिन चुनौतियां होंगी और हर चरण में उन्हें अपनी क्षमता साबित करनी होगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अनुभवी गैंग लीडरों की रणनीति भारी पड़ेगी या नई पीढ़ी के गैंग लीडर अपने जोश और नए खेल से बाजी मारेंगे। फिनिश लाइन तक पहुंचने के लिए किसमें सबसे कठिन चुनौतियों को पार करने का दम है, इसका जवाब कार्यक्रम के आगामी सफर में मिलेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



