google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

झिमड़ी में रावण दहन देखने उमड़ा जनसैलाब, हरेलाल महतो ने विरोधियों पर कसा तंज

बोले—मेरे राजनीतिक भविष्य की चिंता मुझे कम, विरोधियों को ज्यादा; श्रीराम के आदर्श अपनाने से ही होगा अहंकार और अधर्म का अंत

समाज जागरण ब्यूरो

चांडिल। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत नीमडीह प्रखंड के झिमड़ी स्थित सोना डूंगरी मैदान में शुक्रवार को रावण दहन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। न्यू आदर्श बॉयज क्लब के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में रावण दहन देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। कार्यक्रम में भाजपा नेता हरेलाल महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने झूमर कार्यक्रम का उद्घाटन भी किया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद रघुनाथ महतो को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। हरेलाल महतो सहित अन्य अतिथियों ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रावण दहन के साथ भीतर की बुराइयों को खत्म करने का संदेश

सभा को संबोधित करते हुए हरेलाल महतो ने कहा कि केवल रावण का पुतला जलाने से बुराई समाप्त नहीं होगी। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने भीतर के अहंकार और बुराइयों का भी अंत करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों को अपनाकर ही समाज में अधर्म और अहंकार पर विजय प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने लोगों से श्रीराम के आदर्शों पर चलने और समाज में सकारात्मक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।

राजनीतिक भविष्य पर विरोधियों को दिया जवाब

अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर हरेलाल महतो ने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि उनके चुनाव हारने-जीतने और राजनीतिक भविष्य की चिंता उन्हें कम, जबकि उनके विरोधियों को ज्यादा रहती है।

उन्होंने कहा कि जब तक जीवित रहेंगे, माटी के सम्मान और गरीब-दुखी परिवारों की सेवा के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उनके इस बयान को कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच उनके राजनीतिक विरोधियों को दिए गए जवाब के रूप में देखा गया।

बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री डॉ. भूषण मुर्मू, मनोरंजन महतो, आकाश महतो, प्रो. रविशंकर मौर्या, मुखिया सरस्वती सिंह मुंडा, विजय महतो, पद्मलोचन महतो, नारायण गोप, भरत महतो, अन्नपूर्णा महतो, अश्विनी महतो और गणेश चंद्र महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता का माहौल देखने को मिला।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)