तीन पुलिसकर्मी निलंबित, महिला गृहरक्षक का एक दिन का वेतन काटने का आदेश; बहादुरगंज थानाध्यक्ष से दो दिनों में मांगा गया स्पष्टीकरण
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के मामले में किशनगंज के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने और निर्धारित स्थान पर अनुपस्थित पाए जाने के मामले में थानाध्यक्ष बहादुरगंज सहित पांच पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की गई है। इनमें तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है, जबकि एक महिला गृहरक्षक के एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया गया है। वहीं, बहादुरगंज थानाध्यक्ष से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
पुलिस के अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए की गई जांच में विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी में लापरवाही और अनुपस्थिति के मामले सामने आए। इसके बाद संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई।
रूईघासा में ड्यूटी के दौरान लापरवाही
जांच के दौरान दुर्गा पूजा स्थल रूईघासा में प्रशिक्षु पीटीसी सुनील कुमार को बिना नेम प्लेट के वर्दी में कुर्सी पर बैठकर मोबाइल चलाते पाया गया। वहीं, सिपाही वशिष्ट नारायण कुमार ड्यूटी के दौरान कुर्सी पर सोते हुए मिले। इन दोनों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक के आदेश पर तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में प्रशिक्षु पीटीसी रितेश कुमार को दुर्गा मंदिर, पौआखाली में ड्यूटी से अनुपस्थित पाया गया। अंचल पुलिस निरीक्षक, ठाकुरगंज के प्रतिवेदन के आधार पर उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
महिला गृहरक्षक का वेतन काटने का आदेश
दुर्गा पूजा स्थल पूरबपल्ली में महिला गृहरक्षक हिंदिया मेरांडी ड्यूटी से अनुपस्थित पाई गईं। इस मामले में परिचारी प्रवर, परिवहन शाखा के प्रतिवेदन पर पुलिस अधीक्षक ने एक दिन का वेतन काटने अथवा वेतन धारित करने का आदेश दिया है।
बहादुरगंज थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण
बहादुरगंज थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा के अवसर पर चेकिंग के दौरान विशेष प्रातः गश्ती नहीं पाए जाने के मामले में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष सुनील कुमार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के प्रतिवेदन पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें दो दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुर्गा पूजा जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर प्रत्येक पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जवाबदेही की अपेक्षा की जाती है। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा आदेश के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से आपात स्थिति में डायल-112 पर सूचना देने की अपील भी की है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



