सोनभद्र के बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर रेंज ऑफिस के आगे हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
समाज जागरण/संतोष कुमार
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में शनिवार रात दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया है।
रामलीला देखकर घर लौट रहा था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरेश कुमार गुप्ता (19), पुत्र बिहारी लाल, निवासी दरनखांड़, बभनी, खोतोमहुआ से रामलीला देखकर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बभनी की ओर से हीरालाल (22), पुत्र भगवत, निवासी कनवा, विपरीत दिशा से बाइक लेकर आ रहा था।
बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर रेंज ऑफिस के आगे दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेश सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बभनी पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सुरेश और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया।
इस दुर्घटना में दूसरी बाइक पर सवार हीरालाल और देवचंद (18), पुत्र कैलाश, निवासी दरनखांड़, घायल हो गए। दोनों का उपचार जारी है।
युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम
सुरेश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



