वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
कोचाधामन थाना क्षेत्र में हुए हत्या कांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विस्तृत जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि 05 फरवरी 2026 को चौकीदार के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम चुनामारी बाद टोला के पीछे स्थित बाँस झाड़ी के पास एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मृतिका की पहचान तजल्ली प्रवीन (उम्र लगभग 24–25 वर्ष), थाना कोचाधामन, जिला किशनगंज के रूप में हुई।
इस मामले में मृतिका के पिता मो. तसलीम के फर्दबयान पर कोचाधामन थाना कांड संख्या 68/26, दिनांक 05.02.2026, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि कांड की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा लगातार तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल डेटा और आसूचना के आधार पर जांच करते हुए कांड का सफल उद्भेदन किया गया। अनुसंधान के दौरान एक अप्राथमिकी अभियुक्त फैजान आलम (उम्र लगभग 21 वर्ष), पिता मो. सादिक, साकिन चुनामारी सुकलरानी, थाना कोचाधामन, जिला किशनगंज को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के पास से मृतिका का विवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। जांच में यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्त और मृतिका के बीच प्रेम संबंध था और विवाह को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद अभियुक्त ने हत्या की घटना को अंजाम दिया। साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से मृतिका का मोबाइल फोन अपने पास रख लिया गया था।एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रारंभिक प्राथमिकी में नामजद अभियुक्त की संलिप्तता जांच में प्रमाणित नहीं हुई, जिसके बाद उसे कांड से राहत दी गई। गहन अनुसंधान के परिणामस्वरूप वास्तविक अभियुक्त की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया, जिससे एक निर्दोष व्यक्ति को न्याय मिला और दोषी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। कांड में पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध हैं और शीघ्र आरोप पत्र समर्पित कर त्वरित विचारण एवं सजा सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। मामले का अनुसंधान जारी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



