संदीप गर्ग / ग्रेटर नोएडा: 25 जून 2026 को कोरिया गणराज्य के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने निवेश की संभावनाओं का आकलन करने के उद्देश्य से यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) का दौरा किया। इस प्रतिनिधिमंडल में कोरिया के व्यापार, उद्योग एवं संसाधन मंत्रालय, कोरिया गणराज्य के दूतावास तथा कोरिया ट्रेड-इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एजेंसी (KOTRA) के प्रतिनिधि शामिल थे.
प्रतिनिधिमंडल में श्री किम जिनसू, निदेशक; श्री कांग होंग कू, उपनिदेशक; श्री सुंगजुंग चो, वाणिज्यिक परामर्शदाता; श्री डोंगह्योन किम, प्रबंध निदेशक, KOTRA दक्षिण एशिया मुख्यालय; तथा श्री जैवूक (जेक) ली, कार्यकारी निदेशक, इंडिया-कोरिया बिजनेस कोऑपरेशन डेस्क, KOTRA शामिल थे.
दौरे के दौरान श्री शैलेंद्र कुमार भाटिया, आईएएस, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, YEIDA ने प्रतिनिधिमंडल के समक्ष यीडा क्षेत्र की निवेश संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने क्षेत्र की उत्कृष्ट कनेक्टिविटी, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के संचालन तथा एस्कॉर्ट्स कुबोटा, एचसीएल-फॉक्सकॉन सहित अन्य प्रमुख कंपनियों की बढ़ती उपस्थिति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यीडा क्षेत्र में सेमीकंडक्टर चिप्स, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, मेडिकल डिवाइसेज़, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स तथा अन्य उभरते औद्योगिक क्षेत्रों में तेजी से निवेश हो रहा है, जिससे क्षेत्र का औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम और अधिक सशक्त हुआ है।
श्री भाटिया ने प्रतिनिधिमंडल को यीडा के सेक्टर-4ए में प्रस्तावित “कोरियन सिटी” के बारे में भी जानकारी दी, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में कोरियाई निवेश को आकर्षित करना और उसे सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने बताया कि लगभग 900 एकड़ में प्रस्तावित यह परियोजना “मल्टीपल लैंड यूज़ इंडस्ट्री” के रूप में विकसित की जाएगी, जिसमें औद्योगिक, आवासीय, वाणिज्यिक एवं संस्थागत सुविधाओं का प्रावधान होगा। उन्होंने इसकी उत्कृष्ट कनेक्टिविटी का भी उल्लेख किया, जिसमें नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक सीधी पहुंच तथा यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की निकटता शामिल है।
प्रस्तुति के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने कोरियाई कंपनियों के संभावित निवेश हेतु चिन्हित भूमि पार्सलों का भी निरीक्षण किया। यह दौरा कोरियाई उद्योगों और यीडा के बीच निवेश सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



