रोजाना हो रही मारपीट और जाम से बेहाल लोग
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ राजधानी पटना का फुलवारी शरीफ इलाका इन दिनों भीषण यातायात अव्यवस्था और प्रशासनिक अनदेखी की मार झेल रहा है। चनौती कुआं, थाना मोड़ और मिशन रोड जैसे व्यस्त इलाकों में स्थायी ऑटो-टेंपो स्टैंड न होने के कारण यहां रोजाना जाम, विवाद और मारपीट की घटनाएं आम हो गई हैं। क्षेत्र में स्टैंड की कमी के कारण ऑटो चालक सड़क किनारे या दुकानों के सामने वाहन खड़ा करने को मजबूर हैं।
इससे न केवल सड़कों पर जाम लगता है, बल्कि स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के साथ चालकों का टकराव भी बढ़ गया है। चालकों का आरोप है कि जगह के अभाव में सवारी बैठाना मजबूरी है, लेकिन इसका खामियाजा उन्हें अक्सर गाली-गलौज और मारपीट के रूप में भुगतना पड़ता है। कई चालकों ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि वे पेट की खातिर अपमान सहकर भी काम करने को विवश हैं। इस समस्या से ईसापुर, एम्स, जयप्रकाश नगर और गोविंदपुरा समेत दर्जनों कॉलोनियों के हजारों लोग प्रभावित हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि सिर्फ चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं और जीतने के बाद जनता की मूलभूत समस्याओं से किनारा कर लेते हैं।
जदयू नेता महेश पासवान समेत कई बुद्धिजीवियों ने इसे प्रशासनिक विफलता करार दिया है। उन्होंने कहा कि सांसद से लेकर विधायक तक कोई भी इस समस्या के स्थायी समाधान के प्रति गंभीर नहीं है, जिसके कारण आम जनता नारकीय स्थिति में जीने को मजबूर है। फुलवारी शरीफ का यह इलाका तेजी से विकसित हो रहा है, जहां ऑटो और ई-रिक्शा ही परिवहन का मुख्य साधन हैं।
सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि यदि जल्द ही नगर परिषद और जिला प्रशासन ने स्थायी स्टैंड का निर्माण नहीं कराया, तो यह समस्या किसी बड़े संघर्ष का रूप ले सकती है। निवासियों ने सरकार से मांग की है कि यातायात को सुगम बनाने और सार्वजनिक विवादों को रोकने के लिए अविलंब एक व्यवस्थित ऑटो स्टैंड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि नागरिकों को जाम और बदसलूकी से निजात मिल सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



