समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में एक युवक के अपहरण और जबरन विवाह का मामला सामने आया है। वही युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन चिंतित हैं जबकि वायरल वीडियो ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है।
जानकारी के अनुसार घटना 5 दिसंबर की है जब शुभम कुमार नामक युवक बख्तियारपुर के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने गया था। शुभम के बहनोई प्रेम कुमार ने बताया कि समारोह के दौरान गांव के कुछ युवकों ने शुभम का अपहरण कर लिया। इसके बाद उसे एक अज्ञात स्थान पर ले जाकर जबरदस्ती शादी करवाई गई। शादी के बाद लड़की को शुभम के घर गौरीचक भेज दिया गया। जब यह जानकारी परिजनों तक पहुंची तो उन्होंने इसका विरोध किया और लड़की को वापस उसके घर भेज दिया। परिजनों ने बताया कि घटना के बाद से शुभम का कोई पता नहीं चल पाया है, और उसके पिता की तबीयत इस घटना से बिगड़ गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में जबरन विवाह की तस्वीरें और दूल्हे के तनावपूर्ण चेहरे ने आम जनता का ध्यान खींचा। वायरल वीडियो के चलते पुलिस और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। गौरीचक थाने में युवक के अपहरण और जबरन विवाह का मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी थाना अध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि शुभम कुमार की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की है। शुभम के परिजन गहरे सदमे में हैं। उनके पिता की तबीयत बिगड़ चुकी है, और परिवार के अन्य सदस्य शुभम की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। बहनोई प्रेम कुमार ने कहा कि प्रशासन को तत्काल कदम उठाने चाहिए ताकि शुभम को सुरक्षित घर लाया जा सके। इस घटना ने राज्य में जबरन विवाह और अपहरण की बढ़ती घटनाओं पर फिर से ध्यान आकर्षित किया है। बिहार में “पकड़वा शादी” जैसी प्रथाएं पहले भी सुर्खियों में रही हैं। वही परिजनों और शुभम के लिए यह मुश्किल समय है और सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



