आठ घंटे तक इलाज के लिए दर-दर भटका, अंततः मौत
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के मनीचक गांव में शुक्रवार देर शाम पुलिस और अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में गोली लगने से घायल कुख्यात अपराधी मोहम्मद हैदर की इलाज के अभाव में मौत हो गई। घटना के बाद हैदर के साथी उसे बचाने के लिए रात भर शहर के एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकते रहे, लेकिन पुलिस केस के डर से कहीं भी उसे भर्ती नहीं कराया गया।
आखिरकार शनिवार अहले सुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे मनीचक गांव में अपहरण की एक घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कुख्यात मोहम्मद हैदर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथी उसे लेकर पहले पुनपुन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहाँ से उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
हालांकि, कानूनी पचड़ों और गिरफ्तारी के डर से उसके साथी उसे सरकारी अस्पताल ले जाने के बजाय कंकड़बाग स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से भी इलाज नहीं मिलने पर वे उसे बाईपास स्थित दूसरे निजी अस्पताल ले गए। पूरी रात इलाज के लिए शहर भर में भटकने के बाद शनिवार की तड़के करीब तीन बजे उसे पारस अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत घोषित होते ही उसके साथी शव को वहीं छोड़ फरार हो गए। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि पूरी साजिश एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा थी।

अपराधियों ने OLX पर मोबाइल खरीदने-बेचने का झांसा देकर एक युवक को मनीचक गांव बुलाया था। वहां पहुंचते ही आधा दर्जन अपराधियों ने युवक को बंधक बना लिया, उसके साथ मारपीट की और लूटपाट के बाद उसकी हत्या की योजना बना रहे थे। इसी बीच सूचना पाकर मसौढ़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।पुलिस को देखते ही अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में मसौढ़ी थाना के अतिरिक्त थानाध्यक्ष (अधिवक्ता) राहुल कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि एएसआई संजय कुमार के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई। घायल होने के बावजूद पुलिस टीम ने मोर्चा संभाले रखा और जवाबी कार्रवाई में हैदर को ढेर कर दिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है और घायल पुलिसकर्मियों का इलाज एम्स में चल रहा है। पूर्वी पटना के पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि मृतक हैदर एक पुराना अपराधी था, जिस पर पूर्व में हत्या समेत कई मामले दर्ज थे। वह कुछ माह पूर्व ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने इस मामले में अपहरण, पुलिस पर जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसपी के अनुसार, फरार हुए अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए मसौढ़ी, पुनपुन और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी तेज कर दी गई है। पुलिस ने दावा किया है कि इस गिरोह के सभी सदस्यों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



