नोएडा। सेक्टर-15A स्थित अल्का सिनेमा के पास बने वेंडिंग जोन को लेकर स्थानीय निवासियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्र के निवासियों ने आरोप लगाया है कि वेंडिंग जोन में कई दुकानें गंदी नालियों और फुटपाथ के ऊपर संचालित हो रही हैं, जिससे न केवल अतिक्रमण की समस्या पैदा हो रही है बल्कि लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
निवासियों का कहना है कि दुकानदार नाली के ऊपर ही अपना सामान रखते हैं और वहीं पर खाद्य सामग्री तैयार कर बेचते हैं। ऐसे में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर किस नियम और मानक के तहत गंदी नालियों के ऊपर वेंडिंग जोन विकसित किया गया और यह व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग की अनुमति से कैसे संचालित हो रही है।
RWA ने उठाए गंभीर सवाल
सेक्टर-15A के निवासियों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने इस व्यवस्था का विरोध करते हुए कहा कि खुले नालों के ऊपर खाद्य सामग्री बनाना और बेचना सीधे तौर पर आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण से पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
निवासियों का कहना है कि यदि नालियों के ऊपर खाद्य पदार्थ तैयार किए जाएंगे तो संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ेगा, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ सकता है।
रेहड़ी-पटरी संचालक वेलफेयर एसोसिएशन ने भी किया समर्थन
इस मुद्दे पर रेहड़ी-पटरी संचालक वेलफेयर एसोसिएशन ने भी स्थानीय निवासियों के विरोध को जायज ठहराया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम किशोर गुप्ता ने कहा कि आरडब्ल्यूए द्वारा उठाई गई आपत्ति पूरी तरह उचित है। उनका कहना है कि नालियों के ऊपर वेंडिंग जोन बनाना और वहां खाद्य सामग्री की दुकानें संचालित करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
उन्होंने कहा, “नोएडा प्राधिकरण को तत्काल कार्रवाई करते हुए नालियों के ऊपर संचालित दुकानों को वहां से हटाना चाहिए और वेंडिंग जोन के लिए उपयुक्त एवं सुरक्षित स्थान सुनिश्चित करना चाहिए।”
कार्रवाई की मांग तेज
स्थानीय निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि वेंडिंग जोन की वैधता, स्वच्छता मानकों और खाद्य सुरक्षा नियमों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

Safari Pentagon Pro 8 Wheels Trolley Set के साथ पाएं मजबूत हार्ड केस, 360° स्मूथ व्हील्स और भरपूर स्पेस।
👉 अभी ऑर्डर करें और अपने अगले ट्रिप को बनाएं बेफिक्र!
मात्र ₹6,299



