सुनील बाजपेई
कानपुर। सूर्य के प्रचंड प्रकोप के साथ ही यहां आग लगने की घटनाएं भी जारी हैं जिसके क्रम में आज मंगलवार को फीलखाना क्षेत्र के अंतर्गत दवा मार्केट में सुबह भीषण आग में चार दुकानों के स्वाहा होने से लाखों का नुकसान हो गया। तकरीबन 3 घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की छह गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। प्रथम दृष्टया इसकी वजह शार्ट सर्किट बताई गई है फिर भी फायर ब्रिगेड विभाग की जांच कर रहा है।
इलाके में हड़कंप मचाने वाले भीषण अग्निकांड में चार दुकानें पूरी तरह से जल गई, जिसमें दवाइयां जलने से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। शहर के बिरहाना रोड स्थित दवा मार्केट में मंगलवार सुबह 9 बजे के बाद चौकीदार ने सीपी मार्केट के अंदर धुआं देखा।
इसके बाद उसने आसपास रहने वालों को इसकी सूचना दी। आसपास के लोगों ने मार्केट के अंदर देखा कि दीक्षित डिस्ट्रीब्यूटर की दुकान में भीषण आग लग गई है। जिसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना के बाद तत्काल लाटूश रोड, कर्नलगंज, मीरपुर, फजलगंज फायर स्टेशन से गाड़ियां पहुंच गई। फायर कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। यहां सीपी मार्केट बहुत ही सकरी गली में बनी हुई है। जिसमें तकरीबन 40 दुकान हैं। सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर के दीक्षित डिस्ट्रीब्यूटर में आग लगी।
इसके बाद आग फर्स्ट फ्लोर में बनी दुकानों में पहुंच गई। चार दुकानें पूरी तरह से जलकर राख हो गई है। जिसमें 50 लाख से अधिक दवाइयां जलने का नुकसान हुआ है। अन्य दो दुकानें मामूली रूप से जली है। फिलहाल मामले की जांच भी की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



