कीनन स्टेडियम में दिखेगा पत्रकारों का क्रिकेट कौशल
चांद कुमार लायेक | ब्यूरो चीफ
दैनिक समाज जागरण | जमशेदपुर | 01 जनवरी 2026। जमशेदपुर के पत्रकारों के लिए एक बार फिर खेल और उत्साह का मंच सजने जा रहा है। प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित ‘मीडिया कप 2026’ क्रिकेट टूर्नामेंट के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का शानदार आगाज़ शहर के ऐतिहासिक कीनन स्टेडियम, जमशेदपुर में किया जाएगा।
मीडिया कप 2026 का आयोजन 2 फरवरी से 8 फरवरी तथा 12 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान शहर और अंचल के मीडिया कर्मी मैदान पर उतरकर बल्ले और गेंद के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आठ टीमें लेंगी हिस्सा, होंगे प्रदर्शनी मैच
प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, महासचिव बिनय पूर्ति और कोषाध्यक्ष अजय महतो ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी। इसके अलावा दर्शकों के मनोरंजन के लिए कई प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जल्द ही आयोजन समिति और खेल अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
डियूज़ बॉल से खेले जाएंगे सभी मुकाबले
मीडिया कप 2026 के सभी मुकाबले डियूज़ बॉल से खेले जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर और संतुलित खेल का अनुभव मिलेगा। इससे टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा और रोमांच और भी बढ़ेगा।
खेल भावना को बढ़ावा देने का उद्देश्य
प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि मीडिया कप का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को दैनिक कार्य की भागदौड़ से अलग कुछ समय खेल और मनोरंजन के लिए देना है, साथ ही आपसी सौहार्द, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।
गौरतलब है कि प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर द्वारा पूर्व में आयोजित मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट को भी पत्रकारों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी और जमशेदपुर में खेल भावना को नई ऊर्जा मिली थी। इस बार मीडिया कप 2026 को लेकर भी पत्रकारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



