डीएम ने जागरूकता वाहन रैली को दिखाई हरी झंडी
समाज जागरण | बहजोई/संभल
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह अभियान के तहत जनपद संभल में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कलक्ट्रेट परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट परिसर में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और अमूल्य मानव जीवन की रक्षा करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित वाहन चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने कहा कि नियमों के पालन से ही सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
अभियान के तहत जिलाधिकारी द्वारा कलक्ट्रेट के सामने नेशनल हाईवे पर विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस दौरान हेलमेट और सीट बेल्ट की जांच की गई। बिना हेलमेट चल रहे दुपहिया वाहन चालकों को रोककर उन्हें जागरूक किया गया और मौके पर हेलमेट का वितरण भी कराया गया।
इस कार्यक्रम में एआरटीओ अमिताभ चतुर्वेदी, क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, एनसीसी कैडेट्स सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करने और नियमों का पालन कर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



