वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
20 जुलाई। लोकसभा के मानसून सत्र के पहले दिन किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के किशनगंज केंद्र से जुड़े लंबित मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान सांसद डॉ. जावेद ने “फंड जारी करो, एएमयू किशनगंज केंद्र को बचाओ” लिखी तख्ती हाथ में लेकर केंद्र सरकार से एएमयू किशनगंज केंद्र के लिए तत्काल फंड जारी करने तथा आवश्यक शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों को स्वीकृति देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि एएमयू का किशनगंज केंद्र सीमांचल ही नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर भारत के हजारों विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। पर्याप्त वित्तीय सहायता और आवश्यक पदों की स्वीकृति के अभाव में केंद्र का समुचित संचालन और विकास प्रभावित हो रहा है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों का भविष्य भी प्रभावित हो रहा है।
डॉ. मोहम्मद जावेद ने कहा कि वे लंबे समय से संसद के भीतर और बाहर एएमयू किशनगंज केंद्र के मुद्दे को लगातार और मजबूती से उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र सरकार फंड जारी कर केंद्र के समुचित संचालन एवं विकास के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
सांसद डॉ. जावेद ने केंद्र सरकार से शिक्षा और सीमांचल के समग्र विकास के हित में एएमयू किशनगंज केंद्र से जुड़े सभी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने, पर्याप्त फंड उपलब्ध कराने तथा आवश्यक शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों को तत्काल स्वीकृति देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे सीमांचल सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिल सकेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



