google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ को लेकर डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
20 जुलाई। बिहार सरकार के सात निश्चय–3 के अंतर्गत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने रविवार को आमजनों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को सभी विभागीय पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि आम लोगों की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का नियमित संधारण करते हुए प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।


डीएम ने प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्ट तैयार करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित पदाधिकारी तत्काल अपने वरीय अधिकारी को इसकी सूचना दें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में आम लोगों को कार्यालयों में असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि संबंधित पदाधिकारी किसी कारणवश अनुपस्थित हों तो उनके स्थान पर अधिकृत अधिकारी लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। वहीं, एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभाल रहे पदाधिकारी सोमवार एवं शुक्रवार को निर्धारित समय के अनुसार सभी कार्यालयों में उपस्थित रहकर जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।


डीएम ने चेतावनी दी कि निर्देशों की अवहेलना अथवा अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)