google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस में एनएमआरसी को विशेष पुरस्कार, तीन एक्वा लाइन विस्तार परियोजनाओं में 500 करोड़ रुपये की संभावित बचत

सिविल संरचनाओं के डिजाइन में तकनीकी पहल और बुनियादी ढांचे की लागत कम करने के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता

नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएमआरसी) को ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो 2026 में विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। निगम को यह सम्मान सिविल संरचनाओं के डिजाइन के अनुकूलन और बुनियादी ढांचे की लागत कम करने की दिशा में की गई तकनीकी पहल के लिए प्रदान किया गया।

एनएमआरसी के अनुसार, यह पुरस्कार डिजाइन संबंधी प्रावधानों की समीक्षा, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर उनके प्रभाव का आकलन और किफायती इंजीनियरिंग प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने के प्रयासों की मान्यता है।

तकनीकी आकलन से लागत कम करने की पहल

एनएमआरसी ने संरचनात्मक डिजाइन पर प्रभाव का आकलन करने के लिए भू-तकनीकी जांच कराई। इसके बाद आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के साथ विचार-विमर्श के उपरांत निगम ने अपने आकलन का दायरा मेट्रो संरचनाओं से आगे बढ़ाकर भवन संरचनाओं तक विस्तारित किया। इससे डिजाइन संबंधी प्रावधानों के प्रभाव और संभावित वित्तीय लागत का व्यापक मूल्यांकन करने में मदद मिली।

निगम ने अपने तकनीकी आकलन और तुलनात्मक विश्लेषण के निष्कर्ष संबंधित तकनीकी एवं प्रशासनिक प्राधिकरणों के समक्ष प्रस्तुत किए। इसके परिणामस्वरूप इस विषय पर राष्ट्रीय स्तर पर आगे विचार-विमर्श का मार्ग प्रशस्त हुआ।

तीन एक्वा लाइन विस्तार परियोजनाओं में 500 करोड़ रुपये की संभावित बचत

एनएमआरसी के मुताबिक, इस तकनीकी पहल से उसकी तीन एक्वा लाइन विस्तार परियोजनाओं में लगभग 500 करोड़ रुपये की संभावित लागत वृद्धि को रोकने में मदद मिलने का अनुमान है। निगम ने यह भी संभावना जताई है कि इस तकनीकी विषय की व्यापक उपयोगिता के कारण चालू वित्तीय वर्ष में मेट्रो रेल और अन्य राष्ट्रीय बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में हजारों करोड़ रुपये तक की संभावित बचत हो सकती है।

यह पहल बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को किफायती बनाने और सार्वजनिक धन का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अधिकारियों को पुरस्कार प्राप्त करने के लिए किया गया नामित

एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश की ओर से निगम का प्रतिनिधित्व करते हुए पुरस्कार प्राप्त करने के लिए कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर, महाप्रबंधक (परियोजनाएं) प्रदीप यादव, उप महाप्रबंधक (सिविल/परियोजनाएं) उज्ज्वल कुमार और प्रबंधक (सिविल/परियोजनाएं) सनी आर. गुप्ता को नामित किया गया।

एनएमआरसी ने इस सम्मान को तकनीकी नवाचार, इंजीनियरिंग उत्कृष्टता, साक्ष्य-आधारित निर्णय प्रक्रिया और सार्वजनिक धन के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की मान्यता बताया है। निगम के अनुसार, ऐसी पहल सुरक्षित, कुशल, टिकाऊ और आर्थिक रूप से व्यवहार्य शहरी परिवहन व्यवस्था विकसित करने के प्रयासों को मजबूती प्रदान करती हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)