रंग-बिरंगी रोशनी, भव्य झांकियों और धार्मिक आयोजनों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
नोएडा। सेक्टर-56 स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। देर रात तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और बाल गोपाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर समिति के अनुसार रात्रि 12 बजे तक करीब 10 से 12 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए तथा व्रत का विशेष प्रसाद ग्रहण किया।

जन्माष्टमी समारोह की शुरुआत 3 सितंबर से ही हो गई थी। इस दौरान बच्चों के मनमोहक नृत्य कार्यक्रम, भजन संध्या, मध्य रात्रि में लड्डू गोपाल का अभिषेक तथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई।
4 सितंबर को मुख्य कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से प्रारंभ हुआ। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में 20 निजी सुरक्षा गार्डों के साथ स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा। मंदिर के अंदर महिला पुलिसकर्मियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था संभाली। मंदिर समिति ने 20 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे परिसर के कोने-कोने पर निगरानी की व्यवस्था की थी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बड़े स्क्रीन पर किया जाता रहा। मंदिर परिसर में तैयार की गई विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। गीता भवन में स्वचालित झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। इनमें कृष्ण-सुदामा मिलन, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को विराट स्वरूप के दर्शन, कुरुक्षेत्र युद्ध से पूर्व अर्जुन को दिया गया गीता उपदेश, द्रौपदी चीरहरण तथा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाकर गोकुलवासियों की रक्षा करने के प्रसंग प्रमुख रहे।
रंगीन शीशों से सुसज्जित सुंदर घोड़ों वाले रथ पर प्रस्तुत गीता उपदेश की झांकी ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा बर्फ से निर्मित करीब 11 फीट ऊंचा शिवलिंग श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
मंदिर परिसर में वैष्णो देवी और अमरनाथ गुफा की झांकियों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार देर रात 12 बजे तक लगी रही। मुख्य मंदिर में बालकृष्ण को झूला झुलाने के लिए भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मंदिर महिला मंडल ने प्रतिवर्ष की भांति इस व्यवस्था को कुशलता से संभाला।
श्रद्धालुओं को व्रत का विशेष प्रसाद शाम 6 बजे से मध्य रात्रि तक वितरित किया गया। रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, उत्तर प्रदेश विधानसभा सदस्य पंकज सिंह, उत्तर प्रदेश के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, भाजपा पश्चिम प्रदेश के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यमंत्री नवाब सिंह नागर, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, पंजाबी विकास मंच के चेयरमैन दीपक विज तथा मंदिर समिति के चेयरमैन डॉ. डी.के. मोदी सहित अनेक गणमान्य लोग पहुंचे। सभी ने बाल गोपाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
डॉ. महेश शर्मा ने मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए की गई कतार एवं व्यवस्था की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए किए गए प्रबंधों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मंदिर प्रबंध समिति के आर.एन. गुप्ता, ओ.पी. गोयल, जी.के. बंसल, जे.एम. सेठ, आर.के. भट्ट, ए.के. गुप्ता, हरीश सभरवाल, इंदर पाल खंडपुर, संजीव बांधा सहित अन्य पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
वहीं आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों संजय मावी, हरीश जुगरान, अमीर सिंह सहित अन्य लोगों ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया। मंदिर महिला मंडल की ओर से निर्मल हांडा, मंजु सेठ, मधु भट्ट, वंदना बंसल, मीनू खंडपुर, सीता सभरवाल, सुषम मंधार, दीपा नारंग, अर्चना नारंग, मिसेज बंसल, पांडे, कुंडू, सरोज, कामिनी, विनीत कपूर सहित अन्य सदस्यों ने श्रद्धालुओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और व्यवस्थाओं को संभाला।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



