समाज जागरण/जिला ब्यूरो चीफ
सोनभद्र। रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क परिसर में पुलिस परिवार के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आया।
जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी के साथ बाल गोपाल का भव्य श्रृंगार किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं आरती की।
कार्यक्रम में पुलिस परिवार के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जीवन प्रसंगों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों और श्रीकृष्ण भजनों की प्रस्तुतियों से पुलिस लाइन परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
जन्माष्टमी समारोह में पुलिस परिवार के सदस्यों ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ भाग लिया। इस दौरान आपसी प्रेम, सौहार्द और पारिवारिक आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ जयकारे लगाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस परिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, कर्तव्य, धर्म और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को मजबूत करते हैं तथा समाज में प्रेम, सौहार्द, सद्भाव और एकता की भावना को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



