नोएडा। नोएडा के विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष Pankaj Singh ने आज विभिन्न सेक्टरों में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में भाग लेकर स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।
विधायक ने सेक्टर-100, आम्रपाली सफायर-2 (सेक्टर-45), सेक्टर-29 में आयोजित “मन की बात” कार्यक्रम, सेक्टर-22 एफ ब्लॉक कम्युनिटी सेंटर, सेक्टर-35 गरिमा विहार, आम्रपाली प्लेटिनम (सेक्टर-119) तथा एल्डिको आमंत्रण (सेक्टर-119) में जनसंवाद कर नागरिकों से सीधे संवाद किया।
जनसंवाद के दौरान नागरिकों ने सड़क, सीवर, जल निकासी, पार्कों के रखरखाव, स्वच्छता एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। सेक्टर-35 के निवासियों ने विशेष रूप से क्षेत्र के खुले नाले को ढकने की मांग उठाते हुए जनसुरक्षा और स्वच्छता के दृष्टिकोण से तत्काल कार्रवाई का अनुरोध किया।
इसके अलावा कई स्थानों पर निवासियों ने हाल ही में खुली शराब की दुकानों पर आपत्ति जताई। लोगों का कहना था कि कुछ दुकानें नियमों के विपरीत संचालित हो रही हैं। इस पर विधायक पंकज सिंह ने संबंधित विभागों को ऐसे मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक ने नोएडा प्राधिकरण एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का समयबद्ध एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल कार्यवाही प्रारंभ की जाए तथा कार्य प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि नोएडा के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जनसंवाद और समाधान की यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।
कार्यक्रमों में विभिन्न आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, स्थानीय निवासी तथा भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



