
विद्युत आपूर्ति हुई बाधित, वीडियो वायरल
समाज जागरण
पाली, हरदोई। बिजली के खंभे पर तारों के सहारे लटक रहे दो युवकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो पाली नगर के मोहल्ला बिरहाना का है। बताते हैं कि वीडियो में जो युवक बिजली के तारों पर लटकते दिखाई दे रहे हैं, वह शराब के नशे में धुत हैं। इन युवकों की कारस्तानी के चलते 2 घंटे तक पाली नगर की बिजली सप्लाई बंद रही।
प्रत्यक्षदर्शी लोगों ने बताया कि पाली के मोहल्ला विरहाना के प्रेमपाल पुत्र रामचहीते और इसी मोहल्ले का गौरव पुत्र रामसिंह दोनों नशेड़ी तबीयत के व्यक्ति हैं। बताते हैं कि शुक्रवार शाम को शराब के नशे में धुत होकर दोनों मोहल्ले में आए और घर की छत के सहारे बिजली के खंबे पर चढ़ गए, और इसके बाद तारों पर झूलकर कलाबाजियां करने लगे। गनीमत यह रही कि जिस समय दोनों युवक तारों पर झूल रहे थे, उस समय रोस्टिंग चल रही थी। इसी बीच आनन फानन मोहल्ले के लोगों ने पाली विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारियों को सूचना दी। उसके बाद पाली नगर की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, और तारों पर कलाबाजियां कर रहे दोनों युवकों के नीचे उतरने का लोग इंतजार करने लगे। कई बार तो दोनों युवक नीचे गिरते-गिरते बचे, लेकिन करीब 2 घंटे बाद दोनों युवक किसी तरह सुरक्षित नीचे आ गए। उसके बाद ही पाली नगर की बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। दोनों युवकों की इस कारस्तानी को लेकर मोहल्ले के लोगों में भारी गुस्सा है। नशेड़ी युवकों के इस हाईवोल्टेज ड्रामे का विडियो तेजी से सोसल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



