पटना पुलिस ने किया बिजली तार चुरानेवाला गिरोह के तीन लोगों को गिरफ्तार

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में 11 केवीए और 33 केवीए की लाइनों के तारों की लगातार चोरी से कई ग्रामीण और शहरी इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी। इसी समस्या से निपटने के लिए फतुहा पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया और तीन चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।पिछले कुछ सप्ताह से फतुहा, दनियावां, खुसरुपुर और आस-पास के क्षेत्रों में बिजली तार चोरी की घटनाएँ तेज़ी से बढ़ गई थीं।

हाई-टेंशन के तार काटने के कारण रात में कई गावों में अंधेरा छा जाता था और सुबह तक मरम्मत का इंतजार करना पड़ता था। ग्रामीणों ने कई बार इस समस्या को लेकर पुलिस और बिजली विभाग से शिकायत की थी। जिसके बाद यह साफ हो गया था कि बिजली तार चोरी अब किसी सामान्य चोर की करतूत नहीं, बल्कि संगठित गिरोह की गतिविधि है। इसी संदर्भ में फतुहा थानाध्यक्ष सदानंद साह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसे लगातार गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया। पुलिस टीम ने रात में संभावित रूट और चोरी की घटनाओं वाले स्थलों की पहचान कर निगरानी बढ़ा दी। छापेमारी अभियान के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि रसलपुर गांव के पास कुछ संदिग्ध लोग चोरी के सामान के साथ देखे गए हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक बाइक पर सवार तीन व्यक्तियों को रोका। संदिग्ध व्यवहार के चलते जब तलाशी ली गई तो उनके पास 100 मीटर हाई-टेंशन बिजली तार और चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई आधुनिक उपकरण बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान दनियावां चौड़ा निवासी पंकज कुमार, खुसरुपुर निवासी राकेश कुमार और विशाल यादव के रूप में की गई है। पूछताछ में ये सभी पेशेवर चोर निकले, जो लंबे समय से बिजली तार चोरी कर उन्हें कबाड़ बाजार में बेचकर मोटा पैसा कमा रहे थे। पुलिस को आरोपियों के पास से बैट्री चालित कटर मशीन, बड़ा लोहे का कटर, टूल किट, दो मोबाइल फोन और वारदात में उपयोग की गई एक बाइक मिली है।


फतुहा थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ सामने आई हैं। पुलिस ने दावा किया है कि इस गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान भी कर ली गई है और जल्द ही पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे हाई-टेंशन तारों को काटकर दूर-दराज के कबाड़ी बाजारों में बेचते थे, जहां प्रति किलो उन्हें अच्छा दाम मिल जाता था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या इस गिरोह के तार चोरी करने की गतिविधि अन्य जिलों तक फैली हुई थी। क्योंकि पिछले महीनों में नालंदा, समस्तीपुर, भोजपुर और जहानाबाद में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई थीं।पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द इस गिरोह के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)