पटना स्थित मेट्रो कार्यालय में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ राजधानी पटना में रविवार की देर शाम मोइनुल हक स्टेडियम के परिसर में स्थित मेट्रो प्रोजेक्ट के गेट नंबर 1 कार्यालय में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया। हालांकि इस दुर्घटना में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कार्यालय में रखा अधिकतर सामान जलकर नष्ट हो गया।


       जानकारी के अनुसार रविवार की शाम कार्यालय परिसर में कर्मचारियों की उपस्थिति कम थी। इसी दौरान अचानक धुआं उठने लगा और थोड़े ही समय में आग तेज हो गई। जिस जगह आग लगी, वहां दस्तावेज, कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अलावा परियोजना से जुड़ी कई फाइलें रखी थीं। आग लगने की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद कुछ कर्मचारियों ने इसकी सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दी। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गयी तथा आग के फैलाव को समय रहते नियंत्रित कर लिया। वही डिस्ट्रिक्ट फायर ऑफिसर रितेश कुमार पांडे ने बताया कि आग को बुझाने में लगभग 40 मिनट का समय लगा। विभाग के अनुसार यदि कुछ देर हो जाती तो आग पास के अन्य भवनों तक भी फैल सकती थी जिससे बड़े स्तर पर नुकसान हो सकता था। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटनाएं देश में आम हैं। विद्युत उपकरणों का लगातार उपयोग, पुराने तारों की स्थिति, ओवरलोडिंग और इलेक्ट्रिकल पैनल की देखभाल में लापरवाही इसकी मुख्य वजहों में आते हैं। बड़े सरकारी और निजी कार्यालयों में अनेक बार यह देखा जाता है कि विद्युत व्यवस्था की समय-समय पर जाँच नहीं की जाती। पटना मेट्रो परियोजना कार्यालय में भी संभवतः ऐसी ही कोई तकनीकी कमी रही होगी, जिसने यह दुर्घटना घटी। इस घटना के बाद परियोजना प्रबंधन के सामने दो प्रमुख चुनौतियाँ हैं। पहली, जली हुई फाइलों और दस्तावेजों के स्थान पर नई व्यवस्था करना और दूसरी, बिजली सुरक्षा मानकों की पुनः जाँच करना। इस बात की भी समीक्षा आवश्यक है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)