दो अधिकारी घायल, महिला समेत चार गिरफ्तार
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ राजधानी में पुलिस पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला गर्दनीबाग थाना क्षेत्र का है, जहां जब्त बाइक छुड़ाने के विवाद में उग्र लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में दो पुलिस पदाधिकारी घायल हो गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
21 अप्रैल की शाम पुलिस ने वाहन जांच के दौरान कागजात न होने पर एक संदिग्ध बाइक जब्त की थी। देर रात आरोपी चालक अपने कुछ साथियों के साथ गुपचुप तरीके से थाना परिसर से बाइक लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापेमारी शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि बाइक साईं मंदिर के पास आम बगीचा इलाके में छिपाई गई है। जब पुलिस टीम वहां पहुंची, तो आरोपी और स्थानीय लोग उग्र हो गए।
उन्होंने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले में दो अधिकारी चोटिल हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर चार लोगों को जेल भेज दिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो मिसाल बने। विशेषज्ञों का मानना है कि राजधानी जैसे संवेदनशील क्षेत्र में पुलिस पर हमला कानून के इकबाल को चुनौती है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे कानून का सम्मान करें और हिंसा से दूर रहें।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



