google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में मद्धनिषेध की पुलिस टीम पर हमला, चार घायल

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में बुधवार की देर रात अथमलगोला थाना क्षेत्र के गंजपर गांव में शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई मद्यनिषेध विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में चार पुलिसकर्मी, जिनमें तीन महिला सिपाही और एक गृहरक्षक शामिल हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। इतना ही नहीं, भीड़ ने टीम की चार सरकारी गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और गिरफ्तार दो शराबियों को छुड़ाकर ले गई। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। मद्यनिषेध विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि गंजपर गांव में कुछ लोग शराब पीकर हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और वहां दो लोगों को नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया। टीम जब दोनों आरोपियों को अपने साथ ले जाने लगी, तभी गांव के करीब 14-15 लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध हिंसक रूप ले लिया और भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार ग्रामीणों ने लगभग 20 मिनट तक लगातार पथराव किया। पुलिस टीम ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों की संख्या अधिक थी। इस दौरान उन्होंने गालियां दीं, डंडे फेंके और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि टीम को पीछे हटना पड़ा। अफरातफरी के बीच ग्रामीण दोनों गिरफ्तार व्यक्तियों को छुड़ाकर अपने साथ ले गए। हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें तीन महिला सिपाही निधि प्रिया, निगम कुमारी और कविता कुमारी तथा एक गृहरक्षक सत्येंद्र पासवान शामिल हैं। सभी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, कुछ पुलिसकर्मियों को सिर और कंधे में चोटें आई हैं। इसके अलावा, मद्यनिषेध विभाग की चार गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही अथमलगोला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात पर काबू पाया और हमलावरों की तलाश शुरू की। मद्यनिषेध थाना अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि टीम नियमित गश्त पर थी और उन्हें गांव में शराब पीकर हंगामा करने की सूचना मिली थी। जब टीम वहां पहुंची तो ग्रामीणों ने बिना किसी कारण आक्रोश दिखाया और हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमले में शामिल एक आरोपी सुखदेव राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में अथमलगोला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने साफ किया है कि सरकारी कर्मचारियों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)