google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में जुआ खेलने के विवाद में चली गोली से तीन घायल

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ दीदारगंज थाना क्षेत्र के ज्ञानचक गांव में बुधवार की देर रात जुआ खेलने से रोकने पर भड़के नशे में धुत दबंगों ने गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार ज्ञानचक गांव में कुछ युवक लगातार शराब पीकर जुआ खेलते थे। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस गलत और असामाजिक गतिविधि का लंबे समय से विरोध करते आ रहे थे। कई बार ग्रामीणों ने इन युवकों को रोकने की कोशिश भी की, जिससे दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। कुछ दिन पहले जुआ और शराब के खिलाफ आवाज उठाने पर भी ग्रामीण युवकों के साथ मारपीट की गई थी, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। इसी पृष्ठभूमि में बुधवार की रात जब फिर से कुछ युवक शराब पीकर जुआ खेलने लगे, तो ग्रामीणों ने उन्हें समझाने की कोशिश की। इससे नशे में धुत दबंगों ने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया। देखते-ही-देखते काफी संख्या में बदमाश वहां पहुंच गए और पहले मारपीट शुरू कर दी। मामला बढ़ता गया और दबंगों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।घटना में लगभग 40 राउंड गोलियां चलाई गईं, जैसा कि घायलों के परिजनों ने बताया। गोलीबारी में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इन घायलों में साहुल कुमार, विकास कुमार और अंकित कुमार शामिल हैं। साहुल और विकास के पैरों में गोली लगी, जबकि अंकित के सीने में गोली लगी, जिससे उसकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। तीनों को तुरंत नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्ष दर्शियों का कहना है कि दबंगों का इतना मनोबल बढ़ा हुआ था कि उन्हें पुलिस या प्रशासन का कोई भय नहीं था। घायलों के भाई नीतीश और साहुल ने बताया कि जिस तरह से बदमाशों ने फायरिंग की, उससे लग रहा था कि वे किसी भी हद तक जा सकते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी पहले से ही चोरी, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। इस बार भी वे गांव वालों को धमका रहे थे कि जुआ और शराब का विरोध करने पर अंजाम भुगतना पड़ेगा। घटना की जानकारी मिलते ही दीदारगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने वहां से कई खोखे बरामद किए हैं, जो यह दर्शाता है कि फायरिंग काफी देर तक चली। एसडीपीओ अवधेश कुमार ने बताया कि पुलिस को रात करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि पहले से चली आ रही रंजिश के कारण मारपीट और गोलीबारी हुई है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और हमलावरों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)