प्रयागराज में बाबा बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा का रजिस्ट्रेशन पुनः शुरू, 5 अप्रैल को भूमि पूजन और तैयारी बैठक



प्रयागराज: प्रयाग उत्थान समिति द्वारा आयोजित होने वाली बाबा बागेश्वर धाम के पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। समिति ने मंगल कलश शोभायात्रा के लिए निशुल्क रजिस्ट्रेशन कार्य पुनः शुरू कर दिया है।

समिति के उपाध्यक्ष राजेश केसरवानी ने बताया कि पिछली कार्यावधि के दौरान जिन महिलाओं का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका था, उनके पंजीकरण सुरक्षित रखे गए हैं। अब पुनः रजिस्ट्रेशन खोला गया है। जो महिलाएं मंगल कलश यात्रा में शामिल होना चाहती हैं, वे आधार कार्ड नंबर और एक फोटो समिति द्वारा नामित पदाधिकारियों को उपलब्ध कराकर अपना निशुल्क रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं।

5 अप्रैल को भूमि पूजन कार्यक्रम

समिति ने जानकारी दी कि 5 अप्रैल को सुबह 10 बजे अरैल घाट स्थित कथा स्थल पर समिति के अध्यक्ष डा. उदय प्रताप सिंह के द्वारा विधि-विधानपूर्वक भूमि पूजन का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही कथा शुरू होने से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की तैयारी शुरू हो जाएगी।

मुट्ठीगंज में वृहद तैयारी बैठक

भूमि पूजन के बाद दोपहर 12 बजे मुंशी राम प्रसाद की बगिया, नारायण वाटिका, मुट्ठीगंज में कार्यक्रम की तैयारी को लेकर एक वृहद बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता विस्तृत रूप से कार्यक्रम संचालन की रूपरेखा तय करेंगे।

प्रयागराज में आयोजित होने वाली यह हनुमंत कथा भक्तों में उत्साह और श्रद्धा का केंद्र बनी हुई है, और रजिस्ट्रेशन पुनः शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)