दैनिक समाज जागरण संवाददाता विकास कुमार
पाकुड़। उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को सहकारिता प्रभाग से संबंधित जिला सहकारी विकास समिति एवं सिद्धकोफेड पाकुड़ जिला सहकारी संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कई बिंदुओं पर चर्चा हुई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने बताया कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “सरकार के समृद्धि” के तहत वर्ष 2025 को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर 20 से 25 सितम्बर तक जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी लैम्पस (LAMPs) को सीएससी आईडी एवं झारसेवा से जोड़ा जाए। साथ ही, विशेष प्रकार की समितियों जैसे मत्स्यजीवी समिति एवं दुग्ध उत्पादन समिति के गठन पर बल दिया गया। प्रत्येक प्रखंड से एक सक्रिय लैम्पस को कृषक उत्पाद संगठन के रूप में विकसित करने का भी निर्देश दिया गया। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष दिवस के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा, 2500 एमटी क्षमता वाले गोदाम निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ (सिद्धकोफेड) को लेकर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 11 अक्टूबर को संघ की बैठक आयोजित की जाए तथा संघ के लिए उपयुक्त भवन निर्माण हेतु जमीन का चिन्हितकरण किया जाए। फेडरेशन के लिए विजन प्लान तैयार करने, वार्षिक अंकेक्षण पूरा करने और शीघ्र ही वार्षिक आमसभा कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि फेडरेशन को प्राप्त सरकारी राशि को बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट कर ब्याज से कार्यालय संचालन एवं अन्य आवश्यक कार्यों की योजना बनाई जाए।
बैठक में अपर समाहर्त्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, वन प्रमंडल प्रक्षेत्र प्रतिनिधि, झारखंड राज्य सहकारी बैंक पाकुड़ प्रतिनिधि एवं सिद्धकोफेड जिला सहकारी संघ के निर्वाचित निदेशक मौजूद थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



