दैनिक समाज जागरण संवाददाता विकास कुमार
पाकुड़: उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला टास्क फोर्स (पल्स पोलियो एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्त झारखंड) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 12 अक्टूबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान और 16 सितम्बर से शुरू होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा ने दोनों अभियानों को लेकर अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
पल्स पोलियो अभियान के तहत 1,89,475 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1111 बूथ बनाए जाएंगे जिनकी मॉनिटरिंग 268 सुपरवाइजर करेंगे। 12 अक्टूबर को बूथों पर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी जबकि 13 और 14 अक्टूबर को घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को खुराक दी जाएगी।
वहीं, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत 3,38,712 लाभुकों को एल्बेंडाजोल टैबलेट खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान का मॉपअप 19 सितम्बर को होगा।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्राप्त लक्ष्य को शत प्रतिशत पूरा किया जाए। उन्होंने प्रखंडवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विद्यालयों में छात्रों को दवा खिलाने और सभी प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में बूथों पर वैक्सीनेटर की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि दोनों अभियान बेहद महत्वपूर्ण हैं। विभाग आपसी समन्वय से इसे सफल बनाएं और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



