अश्विनी वालिया कुरुक्षेत्र : पंजाब नैशनल बैंक के मण्डल कार्यालय, कुरुक्षेत्र द्वारा राजभाषा मुख्य समारोह एवं पुरस्कार वितरण तथा राजभाषा सेमिनार एवं राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिनकी अध्यक्षता उप मण्डल प्रमुख श्री जय पाल सैनी जी ने की। श्री राज बीर डाण्डे, मुख्य प्रबन्धक-राजभाषा ने इन कार्यक्रमों में उपस्थित जनों का स्वागत किया और बैंक में राजभाषा से संबंधित कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की और कार्यालय में हो रहे राजभाषा कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही राजभाषा संबंधी गतिविधियों, बैंक की हिंदी को प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने अवगत कराया कि बैंक के साथ-साथ हमारे कार्यालय द्वारा भी 14 सितम्बर से 13 अक्तूबर, 2025 तक हिंदी माह मनाया गया है।


इस दौरान हिंदी की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है, जिनमें मण्डल कार्यालय सहित पूरे मण्डल की शाखाओं/ कार्यालयों तथा नराकास, कुरुक्षेत्र के सदस्य कार्यालयों से कर्मचारियों द्वारा बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
उन्होंने बताया कि बैंक के संयोजन में कार्यरत नराकास, कुरुक्षेत्र को राजभाषा के क्षेत्र में भारत सरकार से वर्ष 2024-25 के लिए नराकासों की सर्वश्रेष्ठ श्रेणी में प्रथम और मण्डल कार्यालय, कुरुक्षेत्र को अंचल कार्यालय, चण्डीगढ़ से प्रथम तथा नराकास, कुरुक्षेत्र से बैंक के 03 कर्मचारियों को 03 पुरस्कार (01 प्रथम व 02 तृतीय) प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने आगे बताया कि इस अवधि के दौरान नराकास, कुरुक्षेत्र; जिसका संयोजक हमारा बैंक है, के तत्वावधान में भी 02 हिंदी प्रतियोगिताओं, 01 हिंदी कार्यशाला एवं 01 राजभाषा सेमिनार का आयोजन किया गया है। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को दिसंबर, 2025 माह में आयोज्य नराकास की छमाही बैठक में पुरस्कृत किया जाएगा।
अपने सम्बोधन में श्री सैनी जी ने उपस्थित कर्मियों को राजभाषा हिंदी का महत्व बताते हुए कहा कि इसके बिना विश्व में हमारी पहचान अधूरी है। हमें शब्दों के लिए रुकना नहीं है। हमारे पास केवल हिंदी का ही शब्द भण्डार नहीं है, अपितु इसके साथ संविधान की आठवीं अनुसूची में वर्णित 22 भाषाओं का विशालतम शब्द-भंडार है। सभी भारतीय भाषाएं हमारी अपनी हैं। हम अपना सारा बैंकिंग कामकाज राजभाषा हिंदी में ही कर सकते हैं अथवा हिंदी के साथ-साथ अपने देश की विभिन्न भाषाओं का प्रयोग कर सकते हैं तथा अपना कारोबार बढ़ा सकते हैं और अपने ग्राहकों में वृद्धि कर सकते हैं।
मण्डल कार्यालय के मुख्य प्रबन्धक श्री बलदेव राज ने भी इस अवसर पर सभी स्टाफ सदस्यों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उप मण्डल प्रमुख श्री जय पाल सैनी एवं श्री बलदेव राज ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया। वरिष्ठ प्रबंधक श्री अरुण कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन पारित कर कार्यक्रमों का समापन किया।



